मैनपुरी(सुवि) यू.पी.-भारत का ग्रोथ इंजन उ.प्र. सेवा, सुशासन एवं सुरक्षा नीति के 08 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में श्रीदेवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी के पंडाल में आयोजित त्रि-दिवसीय विकास उत्सव के दूसरे दिन महिला एवं सशक्तीकरण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण पर आधारित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण, जनपद के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि केन्द्र-प्रदेश सरकार महिलाओं के स्वावलम्बन, सशक्तिकरण एवं आर्थिक संपन्नता के साथ हर क्षेत्र में बराबरी का हिस्सा दिलाने के लिए कृत-संकल्पित है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के केन्द्र में 10 साल एवं प्रदेश में 08 साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केन्द्र-प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के लिए विकास मेले का आयोजन किया जा रहा है, आज के कार्यक्रम में पुरुषों से अधिक महिलाओं की भागीदारी है। उन्होने कहा कि महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन के तहत 03 करोड़ से अधिक लखपति दीदी बनाने का कार्य हुआ, अगले 05 वर्षों में 01 करोड़ और लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, प्रधानमंत्री ने देश की महिलाओं के लिए नए रास्ते खोलकर आत्म-सम्मान प्रदान करने का कार्य किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र-प्रदेश में सुरक्षा, सेवा, सुशासन मिशन, अंत्योदय के मूल-मंत्र के अन्तर्गत कार्य हो रहा है, आज उ.प्र. अर्थव्यवस्था की दृष्टि से देश में दूसरे नंबर पर है, वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश में 07वें नंबर पर थी, वर्ष 2029 तक इस प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नंबर-01 पर लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, विगत 08 वर्षों में 08 लाख शिक्षित युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना खर्ची, बिना पर्ची के आधार पर सरकारी विभागों में नौकरियां प्रदान की गईं, विभिन्न योजनाओं में सस्ती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर शिक्षित, हुनरमंद युवाओं को स्वतः रोजगार स्थापित कराकर नौकरी ढूंढने वाला नहीं बल्कि रोजगार प्रदान करने वाला बनाया। उन्होने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उ.प्र. में मात्र 02 एयरपोर्ट थे लेकिन आज प्रदेश में 16 एयरपोर्ट स्थापित हो चुके हैं, उ.प्र. आज सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे, हाई-वे वाला प्रदेश बन चुका है, खाद्यान्न के क्षेत्र में आलू, गन्ना उत्पादन, आयुष्मान योजना, पी.एम. स्वःनिधि योजना सहित तमाम संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं में देश नंबर-01 पर है। उन्होने कहा कि महाकुंभ की देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनियां में चर्चा हो रही है, वैश्विक स्तर पर महाकुंभ को नई पहचान मिली, देश के ही नहीं बल्कि विश्व के कई देशों के लोगों ने आस्था की डुबकी लगायी, कुंभ के दौरान लगभग 66 करोड़ 30 लाख सनातनियों ने स्नान कर रिकार्ड स्थापित किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि 70 साल की आजादी में कांग्रेस सहित तमाम पार्टियों ने राज किया लेकिन किसी ने भी देश की आधी आबादी के लिए नहीं सोचा, किसी भी क्षेत्र में महिलाओं की हिस्सेदारी नहीं थी लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 33 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित कराई, आने वाले समय में हर तीसरी महिला संसद में सांसद और विधानसभा में विधायक होगी, वर्ष 2029 के बाद यहां मौजूद कई महिलाएं नारी बंधन योजना का लाभ उठाकर किसी न किसी सदन में बैठी होगीं। वर्ष 2017 से पूर्व समाजवादी पार्टी के 05 वर्ष के कार्यकाल के दौरान प्रदेश में अराजकता का माहौल था लेकिन योगी आदित्य ने प्रदेश की जनता को सुशासन के साथ सुरक्षा प्रदान कर प्रदेश का गौरव बढ़ाने का कार्य किया, चंद लोगों के हाथ में सत्ता और डंडा रहता था, महिलाओं को दिन में भी सड़क पर निकलने में डर लगता था, शाम होते-होते बेटी के घर न पहुंचने पर मां की चिंता बढ़ जाती थी, न बेटियां सुरक्षित थी और नाहीं बेटे सुरक्षित थे, विकास और सम्मान था ही नहीं लेकिन आज प्रदेश का कोई भी व्यक्ति कह सकता है कि आज प्रदेश में आम जनता का गौरव बढ़ाने का कार्य हुआ।
पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उ.प्र. को बीमारू राज्य कहा जाता था, अर्थव्यवस्था की दृष्टि से भी देश में काफी पिछड़ा हुआ प्रदेश था लेकिन विगत 08 वर्षों में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्ग-निर्देशन में उ.प्र. की अर्थव्यवस्था में तेजी से सुधार हुआ। उन्होने कहा कि गांव, गरीब, किसान, झुग्गी-झोपड़ी का इंसान, माता-बहनों का सम्मान, युवाओं को रोजगार सहित समस्त बिंदुओं पर कार्य हुआ, हर घर तक बिजली, नल के माध्यम से स्वच्छ जल, सड़कें पहुंचाने का कार्य हुआ, प्राथमिक विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत सभी व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराकर विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण सुधारने का कार्य हुआ, पिछली सरकारों में जो विभाग घाटे में चल रहे थे आज उनकी आय में आशा से अधिक वृद्धि हुयी, आबकारी विभाग ने अपनी आय वृद्धि में नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होने कहा कि प्रदेश का कोई व्यक्ति भूखा न रहे इसके लिए सभी को निःशुल्क खाद्यान्न के साथ गरीब परिवार की महिलाओं को साल में 02 निःशुल्क गैस रिफिल सिलेंडर उपलब्ध कराए, किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना में सम्मान राशि उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिक आय में वृद्धि हुई, कृषक दुर्घटना बीमा का लाभ भूमि के मालिक के साथ बटाईदार को भी योजना में लाभ उपलब्ध कराने का कार्य हुआ, आज उ.प्र. देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है, वर्ष 2047 तक जब देश आजादी की शताब्दी मना रहा होगा, उस समय तक पूर्ण विकसित भारत होगा, हवाई चप्पल पहनकर चलने वाला व्यक्ति भी हवाई जहाज में यात्रा करेगा, सफाईकर्मी कार में सफाई करने जायेगा, इस सपने को पूरा करने के लिए सभी को सम्मिलित प्रयास करने होंगे।
जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किये, पिछड़ेपन को दूर कर विकास को गति प्रदान की, आज प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज है, आज देश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के साथ डबल इंजन की सरकार प्रत्येक वर्ग के लिए बिना किसी भेद-भाव के कार्य कर रही है।
इस दौरान अध्यक्ष पैक्स फेड प्रेम सिंह शाक्य, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, प्रदीप चौहान, अरविन्द तोमर, अनुजेश प्रताप सिंह, प्रेमचंद कश्यप, भूपेंद्र यादव, सीमा चौहान, करनपाल सिंह चौहान, प्रदीप तिवारी, अनूप मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख, अध्यक्ष नगर निकाय के अलावा जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, उपायुक्त मनरेगा श्वेतांक पांडेय, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक सत्येंद्र कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ए.के. शुक्ला, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चन्द्र, जिला प्रोवेशन अधिकारी राजनाथ राम, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी रंजना शुक्ला, सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन बाल संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा ने किया।



