आगामी त्यौहारों पर बरती जाये सतर्कता, निरतंर जनता से संवाद कर लिया जाये फीडबैक, निर्वाध विद्युत, जलापूर्ति की जाये सुनिश्चित- आयुक्त आगरा मंडल आगरा।
मैनपुरी(सुवि)आयुक्त आगरा मंडल आगरा शैलेंद्र कुमार सिंह ने तहसील करहल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जन-समस्याएं सुनने के उपरांत उपस्थित अधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि जन-समस्याओं के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निस्तारण के लिए संवेदनशील रहें, कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे न रहें, भूमि पर अनाधिकृत कब्जों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए, थाना समाधान दिवस से पुलिस, राजस्व की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजकर भूमि विवाद के प्रकरणों को निस्तारित कराया जाए। उन्होने कहा कि जन-शिकायतों का समयबद्ध, प्रभावी निराकरण प्रदेश सरकार की उच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं, विभिन्न स्तर से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण का फीडबैक सीधे शासन स्तर से शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता कर लिया जा रहा है, इसलिए सभी अधिकारी सजग रहकर शिकायतों का निराकरण करें। उन्होने संतोष व्यक्त करते हुये कहा कि विभिन्न स्तर से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति बेहतर है लेकिन अभी और सुधार की गुजांइश है।
मंडलायुक्त ने कहा कि होली का त्यौहार नजदीक है, राजस्व, पुलिस विभाग के अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर होलिका दहन वाले स्थानांे का स्थलीय निरीक्षण कर वहां समस्त व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करायें, विगत वर्षों में होलिका दहन को लेकर जहां भी कहीं विवाद हुआ हो, वहां के लोगों से निरंतर संवाद करें, किसी भी दशा में कानून व्यवस्था संबंधी कोई समस्या त्यौहारांे के दौरान उत्पन्न न हो, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय शहरी क्षेत्र में एवं खंड विकास अधिकारी ग्रामीण क्षेत्र में होलिका दहन वाले स्थानों पर समय से सफाई करना सुनिश्चित करें, त्योहारों के अवसर पर साफ-सफाई के मुकम्मल इंतजाम रहें। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को आदेशित करते हुए कहा कि त्यौहारों के दौरान निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, निर्धारित रोस्टर के अनुसार तहसील, ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत की आपूर्ति हो, होली के दौरान जलापूर्ति की भी समूचित व्यवस्था रहे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक कार्य दिवस में पूर्वान्ह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर जन-शिकायतें सुनें, अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का प्रभावी निराकरण स्वयं मौके पर जाकर करें, किसी भी शिकायत के निस्तारण पर अधीनस्थों पर निर्भर न रहें, जनता से संवाद करते समय बातचीत में संयम बरतंे, मर्यादित भाषा का प्रयोग करें, किसी पर अभद्र टिप्पणी किसी दशा में न करे।
जन-समस्या सुनने के दौरान जब फूलापुर नि. श्रीचन्द्र ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि गाटा संख्या-292, 683 में उसका नाम श्री छोटे दर्ज कर दिया गया है, गलत नाम को दुरुस्त कराये जाने, उरथान नि. हरिओम ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि खतौनी में गाटा संख्या-1130ग के स्थान पर 1103ग अंकित कर दिया गया है, जिसे ठीक कराने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिस पर उन्होंने मौके पर ही शिकायतकर्ताओं का नाम, गाटा संख्या दुरुस्त कराकर शिकायतकर्ताओं को तत्काल राहत प्रदान करते हुए उप जिलाधिकारी, तहसीलदार से कहा कि नाम, गाटा संख्या संशोधन संबंधित शिकायतों के निस्तारण में विलंब न किया जाए बल्कि तत्काल शिकायतकर्ता से अभिलेख प्राप्त कर उसकी समस्या का निदान किया जाए, ग्राम चिरौंजी नि. प्रशांत कुमार ने बताया कि खाता सख्या-800 की फसली 1414 लगायत 1416 की नकल हेतु कई बार प्रार्थना पत्र दे चुका है, लेकिन अभी तक नकल खतौनी उपलब्ध नहीं करायी जा रही है, उन्होने तत्काल शिकायतकर्ता को मौके पर ही उक्त फसली की नकल उपलब्ध कराकर राहत प्रदान की। उन्होने शेष शिकायतों पर सम्बन्धित अधिकारियों को आदेशित करते हुये कहा कि निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का निस्तारण कर आख्या उपलब्ध करायें।
इस दौरान जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी करहल नीरज कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी करहल अजय सिंह चौहान, तहसीलदार आनन्द कुमार, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



