कानपुर, उत्तर प्रदेश: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महाकुंभ आयोजन में अव्यवस्था, गंगा सफाई में विफलता और पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) की उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महाकुंभ आयोजन में पूरी तरह फेल हो गई है और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं तक नहीं दे पाई।

भाजपा सरकार महाकुंभ में हुई फेल: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कानपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा सरकार महाकुंभ में यातायात, सफाई और पानी की गुणवत्ता बनाए रखने में विफल रही। संगम के पानी की गुणवत्ता को लेकर केंद्र और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के बीच टकराव चल रहा है। भाजपा सरकार पिछले 10 वर्षों से गंगा सफाई के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन गंगा मां की सफाई आज भी अधूरी है।
उन्होंने कहा कि महाकुंभ में भगदड़ के दौरान हुई मौतों की सही संख्या तक सरकार नहीं बता पाई। मृतकों और घायलों के परिवारों की कोई मदद नहीं की गई। इसके अलावा, श्रद्धालुओं की यात्रा के दौरान हुई दुर्घटनाओं में भी सरकार ने कोई सहायता नहीं दी।
डबल इंजन नहीं, डबल ब्लंडर सरकार
श्री यादव ने भाजपा सरकार को “डबल इंजन नहीं, बल्कि डबल ब्लंडर सरकार” बताया और कहा कि महाकुंभ में बड़ा घोटाला किया गया है। गंगा सफाई के नाम पर पूरा बजट खत्म कर दिया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ। सड़कों के गड्ढे भरने के नाम पर पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।
गंगा जल से मंदिर और सीएम आवास धुलवाने पर तंज
अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जब वे कन्नौज के एक मंदिर में गए थे, तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके जाने के बाद मंदिर को गंगा जल से धोया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके मुख्यमंत्री आवास छोड़ने के बाद भाजपा ने उसे गंगा जल से धुलवाया, जबकि इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था।
उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि अब जब उन्होंने खुद महाकुंभ में गंगा स्नान कर लिया है, तो भाजपा गंगा मां को किससे और कैसे धोएगी?
पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के साथ भेदभाव का आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पीडीए की उपेक्षा कर रही है। पिछले 9 बजट में पीडीए समुदाय को कुछ नहीं दिया गया। बाबा साहब अंबेडकर द्वारा दिए गए संवैधानिक अधिकारों और आरक्षण को भाजपा सरकार कमजोर कर रही है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में पीडीए समुदाय का कोई वाइस चांसलर तक नहीं है। नौकरियों में भी पीडीए वर्ग को प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारी हार मिलेगी और समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
उर्दू भाषा पर भाजपा सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने उर्दू भाषा को लेकर भाजपा के बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उर्दू भारत की भाषा है, जो यहीं पली-बढ़ी और विकसित हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उर्दू के बारे में जो बयान दिया, उसे विधानसभा अध्यक्ष ने रोका नहीं, बल्कि मुस्कुराते रहे।
उन्होंने कहा कि उर्दू तहज़ीब की भाषा है और इसमें भारतीय संस्कृति की झलक मिलती है।
व्यापार और उद्योग की अनदेखी
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण कानपुर का व्यापार और उद्योग बर्बाद हो रहा है। कानपुर के व्यापारियों ने मेहनत से अपनी पहचान बनाई थी, लेकिन पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार ने सब कुछ चौपट कर दिया।
उन्होंने कहा कि कानपुर की गंगा आज भी वैसी ही है, गंगा सफाई पर करोड़ों खर्च होने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार कानपुर को नजरअंदाज कर रही है। बजट में कानपुर को कुछ नहीं दिया गया, जिससे जनता नाराजगी है l



