मैनपुरी(सुवि)संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील घिरोर में जन-शिकायतें सुनने के दौरान जब जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के सम्मुख कोसमा हिनूद नि. सोनी ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उसके भाई की मृत्यु जुलाई-2023 में बीमारी के कारण हो चुकी है लेकिन बार-बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी सचिव द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जा रहा है, जिस पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि तत्काल प्रकरण की जांच कर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करायें साथ ही मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में सचिव द्वारा विलंब के संबंध में आख्या उपलब्ध करायें। बलपुरा नि. रामवीर, राजकुमार, राम नरेश, राज बहादुर ने ग्राम में तैनात चकबंदी लेखपाल प्रदीप कुमार द्वारा किसानों को डरा-धमकाकर अवैध धनराशि की वसूली किए जाने की शिकायत अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से की, जिस पर उन्होंने एस.ओ.सी. चकबंदी को प्रकरण की जांच करने, जांच में लेखपाल को दोषी पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से गांव से हटाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पुनु पचावर नि. संजीव कुमार ने जब अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी को बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा आय-जाति-मूल निवास प्रमाण पत्र जारी कराने हेतु दिए गए प्रार्थना पत्र को निरस्त कर दिया गया है, जिस पर उन्होंने शिकायतकर्ता से जानकारी करने पर पाया कि उसे उक्त प्रमाण पत्र विद्युत कनेक्शन स्वीकृत हेतु जारी कराने हैं, जिस पर उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता विद्युत को तत्काल विद्युत कनेक्शन स्वीकृत करने हेतु आदेशित करते हुये फरियादी को तत्काल राहत प्रदान की।
श्री सिंह ने संजय वर्मा, यश वर्मा, प्रमोद, बबलू आदि द्वारा घिरोर के वार्ड नंबर-10 में ए.के. वैश्य मैरिज हॉल की गली के समीप गाटा संख्या-1608 नंबर के तालाब पर अनाधिकृत कब्जा कर आबादी के पानी का निकास अवरुद्ध करने, महटोली नि. दिलीप कुमार ने गाटा संख्या- 27, 389, 395 पर अनाधिकृत कब्जा किए जाने, कल्होरपछां नि. रामवतार यादव ने चकरोड़, खलिहान की भूमि गाटा संख्या-1077, 1117, 1199, 1260, 1269, 1280 पर किये गये अवैध कब्जे को हटवाने, ग्राम अकबरपुर औंछा नि. दीपक ने गाटा संख्या-2516 पर दबंगो द्वारा किये गये कब्जे को हटवाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में से लगभग 75 प्रतिशत शिकायतें अनाधिकृत कब्जों की प्राप्त हुई है, जिससे प्रतीत होता है कि क्षेत्र में अनाधिकृत कब्जा करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही नहीं की जा रही है। उन्होंने उप जिलाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि अनाधिकृत कब्जों की शिकायतों पर पुलिस, राजस्व की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजकर प्रभावी कार्यवाही करायें, अनाधिकृत कब्जा करने वालों को भू-माफिया में चिन्हित कर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाए, एक बार अनाधिकृत कब्जा हटवाने के पश्चात यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराकर वैधानिक कार्यवाही की जाए।
जिलाधिकारी के सम्मुख जब गुलाबपुरा नि. प्रेमचंद ने ग्राम कल्होरपछां के राशन डीलर हाकिम सिंह द्वारा निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न उपलब्ध कराए जाने की शिकायत अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से करते हुए बताया कि उसके राशन कार्ड में 05 यूनिट है, प्रति यूनिट के हिसाब से 25 किलो गेहूं उपलब्ध कराने के बजाय राशन डीलर द्वारा 17-18 किलो गेहूं उपलब्ध कराया जा रहा है, जिस पर उन्होंने पूर्ति निरीक्षक घिरोर को आदेशित करते हुए कहा कि तत्काल शिकायत की जांच करें, प्रत्येक राशन कार्ड धारक को निर्धारित मात्रा में राशन डीलर खाद्यान्न उपलब्ध करायें, क्षेत्र में कहीं भी घटतौली, निर्धारित मात्रा से कम राशन उपलब्ध कराए जाने की शिकायत प्राप्त हुई तो पूर्ति निरीक्षक का उत्तरदायित्व निर्धारित कर कार्यवाही होगी।उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सार्वजनिक भूमि यथा विद्यालय की भूमि, चकरोड, तालाब पर भी अनाधिकृत कब्जों की शिकायतें प्राप्त हुई है, सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा न रहे, चकमार्ग, चकरोड आमजन के आवागमन के लिए हैं, जहां भी चकरोड पर कब्जे हों, उन्हें अभियान चलाकर हटवाया जाए, पैमाइश के उपरांत संबंधित खंड विकास अधिकारी चकरोड पर मिट्टी का कार्य करायें।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण के लिए संवेदनशील रहकर कार्य करें, कोई भी शिकायती प्रार्थना पत्र निर्धारित समय-सीमा के उपरांत किसी भी कार्यालय में निस्तारण हेतु शेष न रहे। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी प्राप्त शिकायतों का स्वयं संज्ञान लेकर निस्तारण करायें, अधीनस्थों की रिपोर्ट पर निर्भर न रहें, बल्कि स्वयं शिकायतकर्ता से वार्ता करें, यथासंभव मौके पर जाकर समस्या का निदान करायंे। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को सुन थानाध्यक्षों को प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी घिरोर प्रसून कश्यप, क्षेत्राधिकारी चंद्रकेश, परियोजना निदेशक सत्येंद्र कुमार, उपायुक्त मनरेगा श्वेतांक पाण्डेय, उप कृषि निदेशक नरेंद्र त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता, तहसीलदार घिरोर सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



