मैनपुरी में करहल विधानसभा उप निर्वाचन को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए माइक्रो आब्जर्वरों को दिए गए दिशा-निर्देश.
मैनपुरी(सुवि)विधान सभा करहल के उप निर्वाचन को शान्तिपूर्वक, निष्पक्ष सम्पन्न कराने हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तैनात सामान्य प्रेक्षक विनय सिंह ने माइक्रो आब्जर्वर केे प्रशिक्षण सत्र के दौरान माइक्रोे ऑब्जर्वर के रूप में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों से कहा कि सभी कार्मिक अपने दायित्वों, कर्तव्यों की भली-भांति जानकारी कर लें, मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिये निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना और दिये गये निर्देशों की पूर्ण जानकारी होना प्रत्येक कार्मिक को होना अत्यन्त आवश्यक है, इसलिए सभी कार्मिकों को इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन के संचालन के साथ-साथ मतदान प्रक्रिया की सामान्य जानकारी होना जरूरी है। उन्होने कहा कि निर्वाचन आयोग ने बूथ पर तैनात कार्मिकों, प्रत्येक गतिविधि की निगरानी हेतु माइक्रो आर्ब्जवर तैनात किये है ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं विघ्नरहित सम्पन्न हो। उन्होने माइक्रो आब्जर्वर के रूप में तैनात कार्मिकों से संवाद करते हुये कहा कि आप सब सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन निष्ठा के साथ निष्पक्ष रहकर करें, मतदान के दिन मतदान प्रक्रिया प्रारंभ होने से पूर्व अपनी देख-रेख में मॉक-पोल की प्रक्रिया सम्पन्न करायें, मॉक-पोल के दौरान इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन में डाले गये मतों को माइक्रो आब्जर्वर की उपस्थिति में डिलीट किया गया है तथा टोटल बटन दबाकर शून्य दिखाया गया है, मॉक-पोल के समय कितने पोलिंग एजेंट उपस्थित थे और वह किस राजनैतिक दल से सम्बन्धित थे आदि बिन्दुओं पर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित माइक्रो आब्जर्वर के प्रशिक्षण को सम्बोधित करते हुए कहा कि सभी माइक्रो आब्जर्वर के रूप में तैनात सभी कार्मिक बिना किसी दबाव में आये अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्ष होकर करें, इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन के संचालन की पूरी जानकारी करें, मतदान के दिन सबसे ज्यादा दिक्कतें, ई.वी.एम. की पूरी जानकारी न होने के कारण ही आती है। उन्होने कहा कि आयोग ने माइक्रो आब्जर्वर को बूथ की प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने के लिये प्रतिनिधित्व करने का अधिकार दिया है, आप सब निर्वाचन आयोग द्वारा सौंपे गये दायित्वों को पूरी निष्ठा से अंजाम दें और अपने बूथ पर आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष, निर्भीक एवं शान्तिपूर्ण माहौल में मतदान प्रक्रिया को सम्पन्न करायें। उन्होंने कहा कि आप सब कंट्रोल यूनिट, वैलेट यूनिट, वी.वी. पैट को आपस में कनेक्ट करने की प्रक्रिया को भली-भांति समझ लें, वैलेट यूनिट को वी.वी. पैट से, वी.वी. पैट को कंट्रोल यूनिट से कनेक्ट किया जाना है, इसमें किसी प्रकार का संदेह न रहे।
प्रभारी अधिकारी कार्मिक, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने कहा कि यदि मॉक-पोल के दौरान कंट्रोल यूनिट, वैलेट यूनिट, वी.वी. पैट में से कोई एक यूनिट खराब होती है तो सिर्फ खराब यूनिट ही बदली जाएगी और उससे संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट को उपलब्ध कराया जाएगा यदि वास्तविक मतदान के दौरान कंट्रोल यूनिट, वैलेट यूनिट में से कोई एक यूनिट खराब होती है तो पूरा सैट बदला जाएगा और उसमें 01-01 मत डालकर मॉक-पोल की प्रक्रिया कराई जाएगी, यदि सिर्फ वी.वी. पैट खराब होता है तो वी.वी. पैट ही बदला जायेगा और मॉक-पोल की प्रक्रिया नहीं होगी। उन्होने कहा कि वास्तविक मतदान प्रक्रिया के दौरान खराब सैट को पीठासीन अधिकारी अपने पास रखेंगे और मतदान के पश्चात दोनों सैट को अपने स्तर से जमा कराएंगे।
उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौैकत अली ने माइक्रो आब्जर्वर को उनके दायित्वों, कार्यों की विस्तार से जानकारी देते हुये बताया कि वी.वी. पैट की स्क्रीन तेज लाइट में दिक्कत करती है इसलिए वी.वी. पैट को सूरज की तेज रोशनी, हैलोजन की लाइट के सीधे संपर्क में न रखा जाए। उन्होने कहा कि वैलेट यूनिट में बैटरी नहीं होती, वैलेट यूनिट कंट्रोल यूनिट की बैटरी से ही संचालित होता है, वैलेट यूनिट की बैटरी को लेकर कोई कार्मिक अपने मन में भ्रम न पालें। उन्होने मॉक-पोल, मतदान के दौरान इलैैक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में आने वाले लिंक एरर, प्रेस एरर, चंेज बैटरी, क्लॉक एरर आने पर उनके समाधान, सीलिंग प्रक्रिया की जानकारी प्रदान करते हुये कहा कि सभी कार्मिक अपने दायित्वों, कर्तव्यों का पालन सूझ-बूझ से कर मतदान प्रक्रिया को सकुशल, निष्पक्ष एवं भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए संपन्न कराने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी महेन्द्र सिंह सहित माइक्रो आब्जर्वर के रूप मे तैनात अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।



