मैनपुरी(सुवि)भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा क्षेत्र करहल के उप निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु तैनात सामान्य प्रेक्षक विनय सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए तैनात प्रभारी अधिकारियों, जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारी, कर्मचारी भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निष्पक्ष रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें, किसी भी राजनैतिक दल, प्रत्याशी को किसी भी कार्मिक की कार्यशैली पर संदेह न रहे, निर्वाचन संबंधी प्रत्येक गतिविधि में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों, प्रत्याशियों, उनके अभिकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, मतदान कार्मिकों के रेंडमाइजेशन से लेकर पोस्टल-बैलट के माध्यम से होने वाली मतदान प्रक्रिया में उनकी उपस्थिति कराई जाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के ऐसे ग्रामों जहां कमजोर वर्ग के मतदाता निवास करते हैं, वहां के मतदाताओं से संवाद कर उन्हें भरोसे में लिया जाए, सुनिश्चित किया जाए की कोई भी राजनैतिक दल का पदाधिकारी, दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति किसी मतदाता को मताधिकार करने से न रोके, मतदान केन्द्रो पर सभी मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रहे, मतदाताओं को बूथों पर मूल-भूत सुविधाओं के साथ बेहतर वातावरण मिले।

सामान्य प्रेक्षक ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए, आयोजित होने वाली रेलियों, अन्य कार्यक्रमों में फ्लाइंग स्क्वायड टीम मौके पर उपस्थित रहकर सघन मॉनिटरिंग करें, समस्त कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी कराकर सुरक्षित रखी जाए, किसी भी कार्यक्रम की आड़ में मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिए किसी वस्तु, सामग्री, धनराशि आदि का वितरण न हो। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, फेसबुक आदि की गहन निगरानी की जाए, बिना एम.सी.एम.सी. कमेटी के प्रमाणन के कोई भी विज्ञापन, प्रचार सामग्री प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, सोशल मीडिया पर प्रकाशित-प्रसारित न हो।

पुलिस प्रेक्षक फक्कीरप्पा कागिनेलि ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न करने के लिए प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए, फ्लाइंग स्क्वायड टीम, स्टेटिक सर्विलांस टीम अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें, अपने-अपने ड्यूटी पॉइंट पर समय से उपस्थित होकर आने-जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग करें, चेकिंग के दौरान निरंतर वीडियोग्राफी कराई जाए, प्रत्येक चेक पॉइंट पर सी.सी.टी.वी. क्रियाशील रहें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के दबंग व्यक्तियों पर नजर रखी जाए, लाइसेंसी असलाह जमा कराने में तेजी लाई जाए, केंद्रीय पुलिस बल के साथ क्षेत्र में निरंतर फ्लैग मार्च किया जाए, अवैध लिकर, नकदी, अन्य सामग्री का किसी भी दशा में आवागमन न हो।

जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने सामान्य, पुलिस ऑब्जर्वर को आश्वस्त करते हुए कहा कि आप द्वारा दिए गए निर्देशों, सुझावों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए विधानसभा क्षेत्र करहल को 09 जोन, 44 सेक्टर में विभाजित कर प्रत्येक जोन में 01-01 जोनल मजिस्ट्रेट एवं प्रत्येक सेक्टर में 01-01 सेक्टर मजिस्टेªट की तैनाती की गई है इसके अलावा आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराने के लिए 05 टीमें लगाई गई हैं, विधानसभा क्षेत्र में 03 फ्लाइंग स्क्वायड, 12 स्टेटिक सर्विलांस, 02 वीडियो व्यूविंग टीम, प्रत्याशियों के व्यय पर निगरानी रखने हेतु व्यय लेखा टीम की तैनात की गई है, मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए तैनात पीठासीन, मतदान अधिकारी प्रथम का फर्स्ट रेंडमाइजेशन राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में कराकर विधानसभा क्षेत्र करहल के 444 बूथों हेतु 621-621 कंट्रोल, वैलेट यूनिट एवं 666 वीवीपैट आवंटित किए जा चुके हैं, निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 50 प्रतिशत बूथों पर बेवकास्टिंग कराई जानी है, इस हेतुु भी सभी तैयारियां पूर्ण की जा चुकी हैं, क्षेत्र के संवेदनशील, अति संवेदनशील मतदान केन्द्रो के चिन्हांकन की कार्यवाही संचालित है, सभी मतदान केंन्द्रों पर मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए तैनात सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया गया है कि वह 02 दिन में अपने-अपने अधीन मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जहां भी कोई कमी हो, संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उसे दूर करायें।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र करहल में 15307 लाइसेंसी शस्त्र धारक हैं, जिसके सापेक्ष अब तक 5371 शस्त्र जमा कराए जा चुके हैं, गत् निर्वाचनों में व्यवधान डालने वाले दबंग, शरारती प्रवृत्ति के 21 व्यक्तियों को जिला बदर एवं 2901 को पाबंद किया जा चुका है, अवैध शराब की रोकथाम हेतु प्रभावी कार्यवाही कर 17 व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है साथ ही 188 लीटर शराब जब्त की गई, नॉन बेलेबल वारंट की तामीला की प्रगति भी संतोषजनक है, जनपद के 1139 हिस्ट्रीशीटर की भी निरंतर निगरानी की जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने बताया कि मतदान केन्द्रो पर मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए अधिकारियों द्वारा मतदान केन्द्रो का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं, सभी बूथों पर रैंप की व्यवस्था की गई है साथ ही दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है, निर्वाचन संबंधी शिकायतों के तत्काल निस्तारण हेतु जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, कंट्रोल रूम 24 घंटे क्रियाशील है। उन्होंने बताया कि कार्मिकों, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का द्वितीय रेंडमाइजेशन राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में दीपावली के तत्काल बाद कराया जाना प्रस्तावित है।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम जी मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक नवीन श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक शहरी, ग्रामीण राहुल मिठास, अनिल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, समस्त उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी के रूप में तैनात विभिन्न विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।