मैनपुरी(सुवि)जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने विधान सभा उप निर्वाचन करहल को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने हेतु फ्लाइंग स्क्वायड टीम, वीडियो सर्विलांस टीम, स्टेटिक सर्विलांस टीम, लेखा टीम, मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग टीम के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर टीम भावना के साथ उप निर्वाचन को निष्पक्ष, स्वतंत्र माहौल में संपन्न कराने में अपना योगदान दें। उन्होने फ्लाइंग स्क्वायड टीम, स्टेटिक सर्विलांस टीम में लगे अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने प्वाइंट पर निर्धारित समय पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें, निर्वाचन जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी में लापरवाही, शिथिलता अक्षम्य होगी, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की संुसंगत धाराओं में दंडात्मक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। उन्होने कहा कि जिस एफ.एस.टी. को जो भी सूचना मिले, तत्काल मौके पर जाकर प्रभावी कार्यवाही करें, जांच के दौरान निरंतर वीडियोग्राफी कराई जाए यदि जांच में शिकायत सही पाई जाए तो संबंधित विभाग के अधिकारियों को सूचित कर उनके माध्यम से प्रभावी कार्यवाही करायी जाए, गठित सभी टीमें विशेषतौर पर नकदी, शराब, असलाह आदि के विचरण पर विशेष निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि चेकिंग के दौरान जो भी सीजर आदि की कार्यवाही की जाए, उसे इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम एप पर अपलोड किया जाए, एस.एस.टी., एफ.एस.टी. में लगे सभी अधिकारी अपने एंड्रॉयड फोन पर प्ले स्टोर से ई.एस.एम.एस. ऐप डाउनलोड करें और समस्त सूचनाएं इस ऐप पर तत्काल अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सी-विजिल एप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्रत्येक दशा में 100 मिनट के भीतर निस्तारण कर निस्तारण आख्या भेजी जाए इसमें किसी भी स्तर पर विलम्ब अक्षम्य होगा।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र करहल के उप निर्वाचन को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने, अवैध शराब, शस्त्र, नकदी आदि का विचरण न हो इसके लिए विधानसभा क्षेत्र करहल में 04 पॉइंट निर्धारित कर 12 स्टेटिक सर्विलांस टीम तैनात की गई है, प्रत्येक चेक पॉइंट पर 03-03 टीमों को 08-08 घंटे की ड्यूटी पर लगाया गया है, चेक पॉइंट पर सी.सी.टी.वी. कैमरों के साथ वीडियोग्राफर भी मौजूद रहेंगें जो चेकिंग के दौरान निर्बाध रूप से वीडियो रिकॉर्डिंग करेंगे। उन्होंने वी.एस.टी. टीम में लगे अधिकारियों, पुलिस कर्मियों से कहा कि चेकिंग के नाम पर किसी को परेशान नहीं न किया जाए, सभी अधिकारी, पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन निर्भीक होकर करें, निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल उपलब्ध रहेगा।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने वीडियो सर्विलांस टीम, फ्लाइंग स्क्वायड टीम में लगे अधिकारियों, पुलिस कर्मियों से कहा कि अपने-अपने दायित्वों, कर्तव्यों की भली-भांति जानकारी कर लें, सी-विजील एप, ई.एस.एम.एस. एप पर भरी जाने वाली सूचनाओं के बारे में पूरी तरह भिज्ञ हो लें। उन्होंने कहा कि नकदी, शराब, अन्य सामान के जब्तीकरण की कार्यवाही भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अनुपालन करते हुए की जाए। उन्होंने बताया कि ई.एस.एम.एस. पोर्टल पर बैंकों द्वारा नकदी के आवागमन के संबंध में जिला अग्रणी प्रबंधक द्वारा कार्यवाही की जाएगी, कैश आवागमन से पूर्व बैंक अधिकारियों द्वारा एप पर सारी सूचनाएं अपलोड कर क्यू.आर. कोड जनरेट करने के पश्चात संबंधित वाहन पर चस्पा करना होगा, चेक पोस्ट पर जब वाहन पहुंचेगा तो एस.एस.टी. टीम द्वारा वाहन पर लगे क्यू.आर. कोड को स्कैन कर वाहन का नंबर डालने पर सभी सूचनाएं ऐप पर प्रदर्शित होने लगेगी, उसका मिलान कर वाहन को जाने की अनुमति देंगे, रू. 50 हजार की नकदी पाये जाने पर साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे, साक्ष्यों के अभाव में एस.एस.टी. टीम द्वारा इसकी जानकारी आयकर विभाग को देनी होगी, आयकर विभाग सीजर की कार्यवाही करेगा, अवैध शराब के सम्बन्ध में टीम द्वारा आबकारी विभाग को जानकारी देनी होगी, आबकारी विभाग शराब जब्तीकरण की कार्यवाही करेगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक नवीन श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक शहरी, ग्रामीण राहुल मिठास, अनिल कुमार, उप जिलाधिकारी सदर, करहल, भोगांव, किशनी, घिरोर, कुरावली, अभिषेक कुमार, नीरज कुमार द्विवेदी, संध्या शर्मा, गोपाल शर्मा, प्रसून कश्यप, आर.एन. वर्मा, राजस्व अधिकारी धु्रव शुक्ला, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, वरिष्ठ कोषाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक सत्येन्द्र कुमार, उपायुक्त मनरेगा श्वेतांक पाण्डेय, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, एस.एस.टी., एफ.एस.टी. टीम में तैनात अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।



