मैनपुरी(सुवि)श्रम एवं सेवायोजन समन्वय विभाग मंत्री उ.प्र. शासन अनिल राजभर ने करहल के महाराजा पैलेस में आयोजित जागरूकता, हितलाभ वितरण एवं रोजगार मेला कार्यक्रम में उपस्थित श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र, रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुये कार्यक्रम में उपस्थित श्रमिकों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी श्रमिक श्रम विभाग में अपना पंजीकरण अवश्य करायें, केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्ग-दर्शन में श्रमिकों के जीवन में बदलाव लाने के लिए तमाम योजनाएं संचालित है, श्रमिकों के परिजनों हेतु गर्भधारण से लेकर मृत्यु होने तक योजनाओं में लाभान्वित किए जाने का प्राविधान किया गया है, पंजीकृत श्रमिक या उसके परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु होने पर अंत्येष्टि हेतु रू. 25 हजार उपलब्ध कराया जा रहा है, श्रमिक की बेटियों की शादी, उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य के लिए भी योजनाएं संचालित है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई के लिए प्रदेश के प्रत्येक मंडल में अटल आवासीय विद्यालय की स्थापना की जा चुकी है जल्द ही प्रदेश के प्रत्येक जनपद में 01-01 अटल आवासीय विद्यालय स्थापित होगा, मानकों के लिहाज से अटल आवासीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, अन्य केंद्रीय विद्यालयों से भी काफी बेहतर है, अटल आवासीय विद्यालय में सभी मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता के साथ बेहतर शैक्षिक वातावरण के साथ समस्त संसाधन विद्यालय में उपलब्ध है, जो बेहतर से बेहतर कान्वेंट स्कूल में होते हैं, आगरा मंडल में स्थापित अटल विद्यालय में जनपद के श्रमिकों के 51 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
श्रम मंत्री ने कहा कि केन्द्र-प्रदेश सरकार ने प्रत्येक मजदूर के जीवन में बदलाव लाने का प्रण किया है, श्रमिकों के जीवन में परिवर्तन लाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ प्रदेश सरकार कार्य कर रही है, श्रम विभाग श्रमिकों, उनके परिवारों को संबल प्रदान करने, सहायता प्रदान कर जीवन को सरल बनाने, समस्याओं के समाधान के लिए तमाम योजनाएं संचालित की हैं। उन्होने कहा कि केन्द्र सरकार ने श्रमिकों की खुशहाली, उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के उद्देश्य से हाल ही में मजदूरी बढ़ाने का फैसला किया है, देश के अंदर कोई भी मजदूर चाहे कितना भी छोटा मजदूर हो कम से कम माह में उसको रू. 20 हजार से ज्यादा मजदूरी मिलनी चाहिए, प्रदेश सरकार भी जल्द ही केन्द्र सरकार की भांति श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाने पर विचार कर रही है। उन्होने कहा कि देश को आजाद हुए 76 वर्ष हो गये लेकिन पिछले 66 सालों में जो भी सरकारें सत्ता में रहीं उन्होने गरीब, श्रमिक के हित में कोई कार्य नहीं किये इसीका नतीजा है कि आज भी हमारे देश का श्रमिक गरीबी में जीवन-यापन करने को मजबूर है, देश में 10 वर्ष पूर्व जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सत्ता, बागडोर संभाली तब से निरतंर मिशन अन्त्योदय के तहत गरीब परिवारों को योजना में लाभान्वित कर मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य हो रहा है।
उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री ने संकल्प लिया है कि देश में कोई भी गरीब आदमी भूखा न सोए, सभी को भरपेट भोजन मिले, गरीब, मजदूर का बच्चा भी पढ़-लिख कर अधिकारी, चिकित्सक, इंजीनियर बने इसके लिए प्रभावी कार्यवाही हो रही है। उन्होने कहा कि पूर्व की सरकारों ने कभी भी मुफ्त में खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया, गरीबों के बच्चों को शिक्षा प्रदान करने की कोई ठोस योजना संचालित नहीं की, मॉ-बहनों को सम्मान देने का कार्य नहीं हुआ लेकिन आज पूरे देश में महिलाओं, बालिकाओं का सम्मान के साथ-साथ उन्हें विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर, स्वावलंबी बनाने का कार्य हो रहा है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने संकल्प लिया है कि देश में कोई भी गरीब व्यक्ति कच्चे मकान, झुग्गी-झोपड़ी में न रहे, सभी के पास पक्का मकान हो, इसके लिए तीसरे कार्यकाल में शपथ लेने के बाद तत्काल देश के 03 करोड़ गरीबों को पक्का घर उपलब्ध कराने की घोषणा की और बजट का प्राविधान भी किया, इस हेतु सर्वे का कार्य संचालित है, पूर्व में योजना का लाभ पाने से वंचित पात्रों के पास भी जल्द ही अपना पक्का मकान होगा।
जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी ने कार्यक्रम में उपस्थित जन-सामान्य को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र-प्रदेश की सरकार सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के तहत कार्य कर रही है, केंद्र-प्रदेश सरकार की संचालित समस्त योजनाओं का लाभ बिना किसी भेद-भाव के समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति को मिल रहा है, संचालित योजनाओं का लाभ पाकर विकास की दौड़ से वंचित गरीब व्यक्ति भी आज विकास की मुख्य धारा से जुड़कर सम्मान के साथ अपना जीवन-यापन कर रहा है। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग में श्रमिकों के लिए तमाम योजनाएं संचालित हैं, श्रमिक श्रम विभाग में अपना पंजीकरण कराकर योजना का लाभ प्राप्त कर अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार करें। उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व करहल क्षेत्र एक परिवार की दबंगई का शिकार था, गरीबों, कमजोर व्यक्तियों की भूमि पर जबरन कब्जे किये जाते थे लेकिन आज क्षेत्र के हालात में तेजी से सुधार हुआ है, क्षेत्र के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसके घर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निरंतर प्रयास हो रहे हैं।
श्रम मंत्री, जिलाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ने श्रमिक हितलाभ योजना के अंतर्गत रू. 01 करोड़ 03 लाख 91 हजार के चेक, कन्या विवाह योजना के अंतर्गत बेबी, सत्यवीर, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत मीरा देवी, अरविंद कुमार, अटल आवासीय विद्यालय के कक्षा-09 के छात्र अर्पित, कक्षा-06 के छात्र निखिल के अभिभावक धर्मेंद्र, यशवीर, वर्कमैन कम्पनसेशन योजना के अन्तर्गत माला देवी, सुशील सिंह, अनिल कुमार, प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजनान्तर्गत सुरजीत, रिंकी, रितु, राष्ट्रीय पेंशन योजना ट्रेडर्स में विकास दीक्षित को स्वीकृति पत्र प्रदान किये वहीं रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों में चयनित 177 अभ्यर्थियों में से सांकेतिक तौर पर मनोज कुमार, परवेन्द्र कुमार, आशीष कुमार, सुमित कुमार, कुमारी डिंपल, नितेश सिंह, नीरज कुमार, विकास शर्मा को नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराये। रोजगार मेले में जी-4-एस सिक्योरिटी सर्विस, पुखराज, डिक्सन लि.मि., टी.एम.बी., के.एच.वाई. एम.सी.एम. कम्पनी, ब्राइट फ्यूचर, एसबीआई लाईफ, एम.आर.एफ. टायर, साता विकास लिमि., बैकमेट छाता लिमि., निमशन डर्बल, डीमलाइन इण्टरप्राइजेज, अर्नव इन्फोसोफ्ट कम्पनियों ने प्रतिभाग कर शिक्षित युवाओं को अपने प्रतिष्ठानों में रोजगार उपलब्ध कराकर मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किये।
इस दौरान उप जिलाधिकारी करहल नीरज कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी करहल संतोष कुमार, उप श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, सहायक श्रमायुक्त फिरोजाबाद यशवंत कुमार, सहायक श्रमायुक्त मथुरा एम.एल. पाल, सहायक निदेशक सेवायोजन चंद्रचूड़ द्विवेदी, जिला सेवा योजना अधिकारी विकास मिश्रा के अलावा जिला पंचायत प्रतिनिधि गोविंद भदौरिया, ब्लॉक प्रमुख बेवर भल्लू चौहान, मंडल अध्यक्ष करहल कल्पेंद्र भारती आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन डी.एस. दीक्षित ने किया।




Good
Comments are closed.