मूर्ति विसर्जन वाले स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी में विसर्जन कराया जाए, विसर्जन के दौरान बरती जाये पूरी सावधानी
मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण को निर्देशित करते हुए कहा कि विशेषतौर पर राम-बारात, शोभायात्रा वाले मार्गों पर कहीं भी गड्ढे न हों, जहां भी गड्ढे हों उनकी तत्काल मरम्मत करायी जाए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय को निर्देशित करते हुए कहा कि विशेष अभियान चलाकर सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंशों को तत्काल पकड़वाकर गौशालाओं में संरक्षित कराया जाये, सुनिश्चित किया जाए की राम-बारात, शोभा यात्रा के दौरान कोई भी आवारा जानवर व्यवधान उत्पन्न न करें, मुख्य चौराहों पर अधिशासी अधिकारी अपने कर्मियों की तैनाती करें, त्योहारों पर सफाई के विशेष इंतजाम किए जाएं, जलापूर्ति, मार्ग प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रहे, अधिशासी अभियंता विद्युत राम-बारात, शोभा यात्रा वाले मार्ग का तत्काल भ्रमण कर जर्जर, ढीले तारों को प्राथमिकता पर ठीक करायें, विद्युत पोल, तार के कारण राम-बारात, शोभायात्रा के दौरान कोई व्यवधान उत्पन्न न हो सुनिश्चित किया जाए,
शोभायात्रा, राम-बारात के दौरान मार्ग पर अवर अभियंता के नेतृत्व में विद्युत कर्मी तैनात रहें, आगामी त्योहारों पर निर्बाध विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के उन स्थानों पर जहां मूर्ति विसर्जन होना है, का संयुक्त रूप से भ्रमण कर व्यवस्थाएं देखें, मूर्ति विसर्जन वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहे, पुलिस की मौजूदगी में मूर्ति का विसर्जन कराया जाए, मूर्ति विसर्जन वाले स्थानों पर गोताखोर, रस्सी आदि की व्यवस्था रहे।
श्री सिंह ने कहा कि सभी जनपदवासी आगामी त्यौहारों को पूरे उत्साह के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में मनाकर अपनी गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा को कायम रखें, जिला प्रशासन आमजन को सभी मूल-भूत सुविधाएं प्रत्येक दशा में उपलब्ध कराएगा। उन्होंने रामलीला, राम-बारात, दुर्गा शोभायात्रा के आयोजकों से कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम में वालेंटियर तैनात कर उनका वैज, पहचान पत्र जारी करें, वॉलिंटियर कार्यक्रमों के आयोजन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सभी आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में योगदान दें। उन्होंने कहा की मूर्ति विसर्जन वाले घाटों पर फुलपू्रफ व्यवस्था रहे, मूर्ति विसर्जन के दौरान पूरी सावधानी बरती जाए, आयोजक किसी भी व्यक्ति को पानी में जाने की इजाजत न दें। उन्होंने प्र. निरीक्षक, थानाध्यक्षों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में रखी जाने वाली मूर्तियों का पूरा विवरण रखें, मूर्ति विसर्जन का समय, कौन आयोजक है, किस घाट पर कितने बजे विसर्जन होगा का पूरा विवरण संबंधित थानाध्यक्ष के पास हो और वह आयोजकों से समन्वय स्थापित कर पुलिस की मौजूदगी में मूर्ति विसर्जन करना सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि जनपद में सभी धार्मिक त्यौहार शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी सामंजस्य के साथ मनाये जाते हैं, यहां के आयोजनों की सराहना पूरे प्रदेश में होती है इसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होने कहा कि इस माह लगातार पूरे महीने कई त्यौहार हैं, रामलीला, रामबारात, दुर्गा पूजा, दशहरा, वाल्मीकि जयंती, दीपावली आदि त्यौहारों पर बड़े-बड़े आयोजन होने हैं, यह आयोजन आप सबके सहायोग से ही शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न होंगे। उन्होंने उपस्थ्ति धर्मगुरूओं, सम्भ्रांत व्यक्तियों से कहा कि किसी भी दशा में नई परंपरा न डाली जाए, निर्धारित रूट पर ही शोभायात्रा, जुलूस निकाले जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व में मूर्ति विसर्जन के दौरान कई घटनाएं घटित हुई है, इस बार भी गंग नहर, काली नदी में बहुत पानी है इसलिए मूर्ति विसर्जन के दौरान पूरी सावधानी बरती जाए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में शीतला देवी मंदिर पर श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में आते हैं जबकि ट्रैक्टर में सवारी लाना नियम विरुद्ध है, गत वर्षाे में ट्रैक्टर से कई दुर्घटनाएं घटित हुई है इसलिए सवारी ढोने में ट्रैक्टर का प्रयोग न किया जाए। उन्होंने कहा कि मंदिरों, सार्वजनिक स्थानों, भीड़-भाड़ वाले मार्गों पर चैन स्नैचिंग, छेड़खानी के घटनाओं को रोकने के लिए मुकम्मल व्यवस्था की गई है, सभी स्थानों पर सादा वर्दी में पुलिस तैनात रहेगी, किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस द्वारा सभी व्यवस्थाएं की गई हैं, किसी भी आयोजन के दौरान यदि किसी के द्वारा विघ्न डालने का प्रयास किया गया तो उससे पुलिस कठोरता से निपटेगी।
पीस कमेटी की बैठक में रामलीला आयोजन समिति, मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने विशेष साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ आवारा पशुओं की रोकथाम करने, शोभायात्रा, राम बारात वाले मार्गों को गढ्डा मुक्त कराये जाने, शीतला देवी मंदिर के पदाधिकारी ने नवरात्रि के दौरान मंदिर के अंदर लगने वाली दुकानों को मंदिर परिसर के बाहर लगवाये जाने की मॉग की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक नवीन श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनिल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, धर्मगुरु, संभ्रांत व्यक्ति आदि उपस्थित रहे।




Good
Comments are closed.