परिषदीय विद्यालय ऑपरेशन कायाकल्प के तहत सभी बिंदुओं से संतृप्त रहें, विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण सृजित हो ताकि प्राइमरी विद्यालयों के प्रति लोगों का रुझान बढ़े- प्रभारी मंत्री।

कलैक्ट्रेट सभागार में बैठक 2

मैनपुरी(सुवि)राज्यमंत्री, स्वतंत्र प्रभार पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण, जनपद के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कलेक्ट्रेट सभागार में मा. मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों, कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा कि पीने के पानी की गुणवत्ता जितनी बेहतर होगी, पर्यावरण प्रदूषण जितना कम होगा, फसलों में रासायनिक उर्वरकों का जितना कम प्रयोग होगा, आमजन की सेहत उतनी ही बेहतर रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समय से विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति कर विभाग की गरिमा बढ़ाएं, टीम भावना से कार्य कर संचालित योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करें, जनपद में निवेश बढ़े, उद्योगों की स्थापना हो, बड़े कारोबारी जनपद में आकर अपने उद्योगों का संचालन करें ताकि जनपद का राजस्व बढ़े और यहां के युवाओं को रोजगार के संशाधन मुहैया हो सकें। उन्होंने कहा कि किसानों को केंद्र, प्रदेश सरकार की संचालित योजनाओं का लाभ बिना किसी अवरोध के मिले, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना में लक्ष्य की पूर्ति प्राथमिकता पर की जाए, जनपद के प्राथमिक विद्यालयों में सभी मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो, प्रत्येक लक्षित बच्चे का विद्यालय में पंजीकरण हो, परिषदीय विद्यालयों के प्रति लोगों का रुझान बढ़े, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान हुए एम.ओ.यू. धरातल पर क्रियाशील दिखें, निर्माणाधीन सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराए जाएं ताकि आम लोगों को इसका फायदा मिल सके, सभी अधिकारी इस जनपद को प्रदेश का नंबर-01 जनपद बनाने में अपना योगदान दें।

प्रभारी मंत्री ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों पर दिखाई न दें,

जो गोवंश गौशाला में संरक्षित हैं, उन गोवंशों की बेहतर देखभाल की जाए, पशु चिकित्साधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करें, जानकारी करने पर पाया कि जनपद में 10144 गोवंश 50 गौशालाओं में संरक्षित है, 1851 गोवंशों को मुख्यमंत्री गोधन सहभागिता योजना के तहत पशुपालकों के सुपुर्द किया जा चुका है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि पंजीकृत सभी बच्चे प्रतिदिन विद्यालय आएं, शिक्षक समय से विद्यालय पहुंचकर छात्रों को बेहतर शिक्षा प्रदान करें, परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण में सुधार हो, ऑपरेशन कायाकल्प के समस्त 19 बिंदुओं से प्रत्येक विद्यालय संतृप्त रहे ताकि लोगों का प्राथमिक विद्यालयों के प्रति रूझान बढ़े, जानकारी करने पर पाया कि जनपद के 1909 प्राथमिक विद्यालयों में 01 लाख 19 हजार 500 छात्र पंजीकृत है। उन्होंने जल-जीवन मिशन योजना की समीक्षा करने पर पाया कि जनपद में 783 राजस्व ग्रामों में नल के माध्यम से हर घर स्वच्छ जल की आपूर्ति के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 319 राजस्व ग्रामों में कार्य पूर्ण हो चुका है, जिन ग्रामों में पाईपलाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है, उन ग्रामों में सड़क मरम्मत का कार्य कराया जा चुका है, जिस पर उन्होंने कहा कि जिन ग्रामों में नल के माध्यम से जल की आपूर्ति हो रही है, वहां खंड विकास अधिकारियों से सत्यापन कराया जाए।

जनपद की प्रत्येक पात्र बालिकाओं को योजना का लाभ मिले, सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की समीक्षा के दौरान असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बालिकाओं के लिए संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी बैठक में मौजूद प्रतिनिधि को नहीं है, बैठक में पूरी तैयारी के साथ विभाग के अधिकारी प्रतिभाग करें, जनपद की प्रत्येक पात्र बालिकाओं को योजना का लाभ मिले, सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं से कहा कि नई सड़कों के निर्माण, सड़कों की मरम्मत, रख-रखाव के कार्य, अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए, निर्माणाधीन कार्यों का समय-समय पर टेक्निकल टीम के माध्यम से गुणवत्ता की जांच कराई जाए।

कानून व्यवस्था की समीक्षा करने पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जनपद में हत्या, लूट, डकैती, महिला अपराध के ग्राफ में तेजी से कमी आयी है,

25 अपराधियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है, सभी 14 थानों पर महिला हेल्प-डेस्क की स्थापना की गयी है, मिशन शक्ति के तहत 62 बीट का गठन किया गया है, जो गांव-गंाव जाकर महिलाओं, बालिकाओं से फीडबैक ले रही हैं, दंबग, शातिर प्रवृत्ति के लोगों, अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरूव्द्ध निरतंर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उन्होने पुलिस अधीक्षक से कहा कि अभी 650 विवेचनाएं लंबित हैं साथ ही विगत् 10 वर्ष से 25 हजार का इनामी बदमाश भी पुलिस गिरफ्त से दूर है, इनामी बदमाश को पकड़ने एवं लंबित विवेचनाओं की प्रगति सुधारने की दिशा में कार्य हो, महिला सम्बन्धी अपराधों पर त्वरित कार्यवाही की जाये। उन्होने राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान पाया कि आबकारी विभाग द्वारा माह अगस्त के लक्ष्य 182 करोड़ के सापेक्ष 154 करोड़ की वसूली की गयी है, जबकि परिवहन विभाग द्वारा 06 करोड़ 46 लाख के सापेक्ष 05 करोड़ 36 लाख की वसूली की गयी है, जिस पर उन्होने सम्बन्धित अधिकारियों को लक्ष्य की शत-प्रतिशत वसूली हेतु निर्देशित किया।

जनपद में अधिकांश योजनाओं की प्रगति संतोषजनक है,

पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री ने कहा कि जनपद स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागीय लक्ष्य की पूर्ति, संचालित योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के लिए मेहनत की है, जिसका नतीजा है कि जनपद में अधिकांश योजनाओं की प्रगति संतोषजनक है, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद अतिरिक्त ऊर्जा श्रोत, खराब ट्रॉसफार्मर की प्रतिस्थापना, विद्युत आपूर्ति, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, एम्बुलेंस 102, 108, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, भवन, सड़क निर्माण, निराश्रित गौवंश संरक्षण, ऑपरेशन कायाकल्प, मुर्गी पालन, एक जनपद-एक उत्पाद, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में जनपद ए-श्रेणी में है।

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त करते हुये कहा कि उनके द्वारा बतायी गयी कमियों को शत-प्रतिशत दूर करने का प्रयास किया जायेगा,

आपके कुशल निर्देशन में जनपद को प्रदेश में शीर्ष पर पहुंचाने के लिए सभी प्रयास किये जायेंगे। बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी संजय कुमार मल्ल, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, उपायुक्त मनरेगा श्वेतांक पांडेय, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. मदनलाल, उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरूण कुमार शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

——————————————————