समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण प्रत्येक अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी, अद्योमानक निस्तारण पर उत्तरदायित्व निर्धारित कर होगी प्रभावी कार्यवाही-अविनाश।
मैनपुरी(सूवि) भूमि सम्बधी विवादों को लंबित न रखा जाए, पुलिस, राजस्व कर्मी मौके पर जाकर भूमि विवादों को प्राथमिकता पर निस्तारित करें, गरीब, कमजोर वर्ग के व्यक्तियों को कोई दबंग न सताए, किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े, विभागीय अधिकारी किसी स्तर से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण करें, निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता से वार्ता करने के उपरांत निस्तारण आख्या अपलोड की जाये, शासन स्तर से किसी भी शिकायत पर असंतुष्ट फीडबैक न मिले। उक्त निर्देश जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील कुरावली में जन-शिकायतें सुनने के दौरान देते हुये कहा भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों को किसी भी दशा में लंबित न रखा जाए, तत्काल पुलिस, राजस्व की टीम गठित कर मौके पर भेज कर समस्या का निदान कराया जाए, भूमि की पैमाइश, अनाधिकृत कब्जे हटाते समय फोटो लिये जाएं, समस्या का निदान करने के पश्चात शिकायतकर्ता के साथ 02 गणमान्य व्यक्तियों के कृत कार्यवाही पर हस्ताक्षर कराएं जाऐं। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को सचेत करते हुए कहा कि भूमि संबंधी प्रकरण पर विशेष सतर्कता बरतें, एक बार पैमाइश, मेढ़बंदी के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध भू-माफिया के तहत कठोरतम कार्यवाही की जाए।
श्री सिंह ने कहा कि अधिकारी प्रत्येक कार्यदिवस में कार्यालय में समय से उपस्थित होकर जन-समस्या सुन प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता पर निदान करें, किसी भी पीड़ित व्यक्ति को अपनी समस्या के निराकरण के लिए कार्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़े, अधिकारी प्राप्त शिकायतों का व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान निराकरण करें, अधीनस्थों की रिपोर्ट पर किसी भी दशा में शिकायत के निस्तारण को अपलोड न किया जाये बल्कि शिकायतकर्ता से वार्ता करने के उपरांत उसके संतुष्ट होने पर ही निस्तारण आख्या अपलोड की जाये। उन्होने तहसील स्तरीय अधिकारियों से कहा कि रात्रि विश्राम तहसील मुख्यालय पर ही करें, किसी भी दशा में बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय न छोड़ें।
आज आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर तहसील कुरावली के दूर-दराज क्षेत्र से आए 23 फरियादियों ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र निस्तारण हेतु प्रस्तुत किये, इसई गोपालपुर नि. प्रतिपाल सिंह ने गाटा संख्या- 01, 234 में अमल दरामद के दौरान त्रुटिवश प्रतिपाल सिंह के स्थान पर प्रताप सिंह दर्ज हो गया है, जिस पर उन्होने तत्काल जांच कर गलत प्रविष्टि को ठीक कराए जाने के आदेश उप जिलाधिकारी कुरावली को दिए, बलरामपुर नि. निर्मल कुमार ने जन्म प्रमाण पत्र जारी कराये जाने, तिसौली नि शकुंतला देवी ने मेढबंदी के उपरांत भूमि पर किए गए अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, ग्राम गोकुलपुर नि. अभय प्रताप सिंह ने पैमाइश कराये जाने, धौलपुर तिसौली नि दिनेश कुमार ने अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, ग्राम सुजरई नि. चेतन देवी ने बिना किसी नोटिस, सूचना के विपक्षियों द्वारा लेखपाल, कानूनगो की मद्द से भूमि की अवैध तरीके से पैमाइश करने, मोहल्ला फर्दखाना कुरावली नि. दलबीर सिंह, विपिन यादव, शंकर यादव, हरमीत सिंह, लटूरी सिंह, बलबीर सिंह, सुरेश कुमार आदि ने सार्वजनिक मार्ग से अनाधिकृत कब्जा हटवाने, नगला बख्सी नि. सत्येंद्र सिंह ने पैमाइश के बाद किये गये कब्जे को हटवाने की मांग अपने शिकायत प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुन उपस्थित थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, उप जिलाधिकारी कुरावली ने कुरावली में प्रस्तावित नव-निर्माणाधीन तहसील परिसर की भूमि पर पौधा रोपित करते हुये कहा कि अभी से पूरे परिसर में पौधा रोपण किया जाये ताकि तहसील का निर्माण कार्य पूर्ण होते-होते पूरा परिसर वृक्षों से हरा-भरा दिखे। सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी संजय कुमार मल्ल, उप जिलाधिकारी कुरावली राम नारायण, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, उप कृषि निदेशक एन.के. त्रिपाठी, उप संचालक चकबंदी भूपेन्द्र कुटियाल, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चन्द, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी महेन्द्र कुमार, तहसीलदार कुरावली, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।




Good 👍🏻
Comments are closed.