भारतवर्ष की प्राचीन योग पद्धति आरोग्य, लंबी आयु, सुखमय जीवन प्रदान करने का सशक्त माध्यम- जे.पी.एस. राठौर।

मैनपुरी(सुवि)राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता विभाग उ.प्र. जे.पी.एस. राठौर ने दशम् अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पं. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित योग शिविर को सम्बोधित करते हुये कहा कि योग दिवस 21 जून को मनाने का निर्णय संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 11 दिसम्बर 2014 को लिया गया, यह हमारे देश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि रही, हमारी जो परम्पराएं हैं, हमारे ऋषियों, मुनियों ने जो अन्तःकरण की खोज की है, उसमें खजाना भरा हुआ है, हमारे वेदों, शास्त्रों में उसको बाहर निकालने का कार्य इतने वर्षों बाद हुआ है, इसके लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का अभिनन्दन करते हुये कहा कि अपनी बात को संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रधानमंत्री जी ने रखा और इतना बड़ा निर्णय वहां पर कराया, लगभग सभी देशों ने उस पर अपनी सहमति व्यक्त की। उन्होने कहा कि सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया के मूल मंत्र पर चलते हुये हम योग को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने में सफल हुये, वसुधैव कुटुम्बकम् की हमारी जो इच्छा है, हमारे अन्तःकरण में समाया हुआ है, हमारी सभ्यता, संस्कृति को हम वैश्विक स्तर पर ले जाने में पूर्ण रूप से सफल हुये। उन्होने कहा कि योग केवल योग नहीं है, योग मन और शरीर को जोड़ने का कार्य करता है, योग से केवल आपका शरीर ही नहीं वरन् योग से हमारा मन-मस्तिष्क-वाणी सभी कुछ शुद्ध होता है, इसके माध्यम से हम समाज में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं, आज इन सब चीजों की आवश्यकता दिन व दिन बढ़ती चली जा रही है, जैसे-जैसे समाज विकास करता चला जा रहा है, उसी प्रकार से हमार मन-मस्तिष्क, शरीर किस तरह से कार्य करे, इसकी आवश्यकता को देखते हुये प्रधानमंत्री जी ने सराहनीय प्रयास किये।

राज्य मंत्री ने कहा कि हमारे सभी योग गुरूओं, योग साधकों, ़ऋषि-मुनियों ने योग को इतने अच्छे स्तर पर, जन-जन तक पहुंचाकर अपना अमूल योगदान दिया, उसमें चाहे बाबा रामदेव जी हो या अन्य योग साधक, सभी का योगदान रहा है। उन्होने मंच के माध्यम से योग गुरूओं, योग साधकों, ़ऋषि-मुनियों का अभिनन्दन करते हुये कहा कि अपना सारा जीवन योग में लगाकर हम सबको स्वस्थ रखने की प्रेरणा देने का कार्य किया, धीरे-धीरे आज योग पूरे देश, दुनियां में फैल चुका है। उन्होने कहा कि ’’पहला सुख निःरोगी काया, दूजा सुख घर में माया, तीजा सुख पुत्र आज्ञाकारी, चौथा सुख सुलक्षण नारी’’ इन चारों में सबसे बड़ा सुख निःरोगी काया है, हम सब विकास की दौड़ में आगे बढ़ते हुये काफी सारी चीजें छोड़ते चले आ रहे है, लेकिन जब-जब इन चीजों की आवश्यकता पड़ी है, तो सबसे पहले ’’जान है तो जहांन है’’, की बात सामने आयी है, आज देश के नागरिकों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुये देश के प्रधानमंत्री जी ने आयुष्मान भारत योजना लागू कर प्रत्येक व्यक्ति को गंभीर बीमारियों से ग्रसित होने पर रू. 05 लाख तक के निःशुल्क इलाज की व्यवस्था हेतु आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराये।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि भारत के द्वारा किये गये प्रयास के फलस्वरूप पूरे विश्व में योग को मान्यता मिली, पूरा विश्व योग के साथ खड़ा हुआ। उन्होने कहा कि विकासशील भारत से विकसित भारत बने, यह तभी संभव होगा, जब देश में रहने वाला प्रत्येक नागरिक योगी बने, योग के द्वारा निःरोगी जीवन के साथ-साथ स्वच्छ मन, विचार के साथ देश की तरक्की में अपनी भूमिका अदा करे। उन्होने कहा कि योग ऐसी पद्धति है जिसकेे आधार पर न सिर्फ हम निःरोगी रह सकते हैं बल्कि हम स्वस्थ विचार, स्वस्थ शरीर के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन में भूमिका अदा कर सकते हैं। उन्होने कहा कि योग पद्धति को दुनिया के लोग सम्मान दे रहे हैं, अपने आप को स्वस्थ रखने के लिए नियमित योग कर रहे हैं, यह हम सब देशवासियों के लिए गौरव की बात है, नियमित योग से मानसिक स्वास्थ्य, भौतिक स्वास्थ्य को फायदा मिलता है, जिससे हमारे मन-मस्तिक को लाभ पहुंचता है, अपने आप को तंदुरुस्त रखने के लिए योग से अच्छी दुनिया में कोई पद्धति नहीं है, इस बात को विश्व ने माना है।
योग शिविर के उपरांत योग पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं की विजेता रिया, स्वाति सिंह, शीला, हर्षिता, सरिता, अनामिका, दीपमाला आदि को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। योग दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, उपायुक्त मनरेगा पी.सी. राम, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक सत्येन्द्र कुमार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ए.के. अरूण, जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चन्द, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा. सरिता सिंह के अलावा जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, पैक्सफेड चेयरमैन प्रेमसिंह शाक्य, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, अन्य जन-प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे, योग शिविर का संचालन डा. चन्द्र मोहन सक्सैना ने किया।



