ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक भव्यता के साथ योग कार्यक्रम हो आयोजित, लोगों में योग के प्रति दिखे उत्साह-अविनाश।
मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस दि. 21 जून की तैयारियों की समीक्षा के दौरान कहा कि जिला मुख्यालय पर पं. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में वृहद योग का कार्यक्रम आयोजित होगा, जिला मुख्यालय पर आयोजित योग शिविर में सभी अधिकारी, कर्मचारी प्रतिभाग कर कुछ समय योग अवश्य करें, योग दिवस से जो अधिकारी अनुपस्थित रहेंगे उनकी जवाबदेही तय होगी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि सभी विभागों में प्रातः 05.30 बजे से योग शिविर के आयोजन हो और उसके फोटोग्राफ्स अपलोड किए जाएं। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक से कहा कि प्रत्येक विद्यालय में कम से कम 50-50 विद्यार्थियों की उपस्थिति में योग के कार्यक्रम आयोजित करायें जाए, ग्राम पंचायत स्तर पर खंड विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर पूर्ण व्यवस्था के साथ योग के कार्यक्रम आयोजित करायें, कार्यक्रमों में जन-प्रतिनिधियों, कोटेदार के अलावा ग्राम पंचायत सचिव, आशा, अन्य ग्राम स्तरीय कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, प्रत्येक स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के फोटोग्राफ्स प्रत्येक दशा में अपलोड किए जाएं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बेहतर कार्यक्रम आयोजित करने वालों को पुरस्कृत भी किया जाए। उन्होंने कहा कि योग स्वयं और समाज के लिए थीम पर आयोजित होना है, इसलिए योग के प्रत्येक कार्यक्रम में आमजान की सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए, योग के कार्यक्रम में आमजन स्वेच्छा से प्रतिभाग कर योग को अपने जीवन में उतारें ताकि वह योग से निरोगी बन सकें।
श्री सिंह ने कहा कि योग जीवन का हिस्सा बने यह आवश्यक है, वर्तमान परिवेश में योग बीमारियों से बचाये रखने में सहायक है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों से कहा कि योग कार्यक्रमों में छात्रों की अधिक से अधिक सहभागिता के साथ ही उनके व्यवहार, दैनिक जीवन में नियमित योग क्रियाएं स्थापित कराये जाने में शिक्षक अपनी भूमिका का अदा करें, ताकि आने वाले समय में छात्रों का बीमारियों से बचाव हो सके। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, उपायुक्त मनरेगा पी.सी. राम, परियोजना निदेशक सत्येन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका गुप्ता, यूनानी अधिकारी सरिता सिंह, पतजंलि, आर्ट ऑफ लिविंग, बृम्हकुमारी के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



