मैनपुरी(सुवि)विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारम्भ करते हुये जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि शिविर में जिन लोगों ने रक्तदान किया है, यह रक्त किसी को नया जीवन देने का कार्य करेगा, खून की कमी के कारण बड़ी संख्या में लोग दम तोड़ देते हैं, आप द्वारा दान किया गया खून तमाम लोगों का जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होने कहा कि जनपद में रक्तदाताओं की कमी नहीं हैं, सत्येन्द्र सिंह चौहान जैसे रक्तदाता ने 105 बार रक्तदान कर जनपद में ही नहीं बल्कि प्रदेश में नाम रोशन किया है, इनके अतिरिक्त जनपद के कई अन्य लोगों ने अपने जीवन में अनेकों बार रक्तदान किया है जो गौरव की बात है। उन्होने कहा कि चिकित्सक बेहतर उपचार देकर लोगों का जीवन बचा सकते हैं, लेकिन रक्तदान करने वाला व्यक्ति किसी का जीवन बचाने में अपना योगदान दे सकता है। उन्होने कहा कि मानव सेवा से बड़ा संसार में कोई कर्म नहीं है, सभी लोगों को किसी न किसी रूप में मानव की सेवा करनी चाहिए, स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले व्यक्ति अपने जीवन में दान किये गये रक्त से कितने लोगों को नयी जिन्दगी देते हैं, इसकी जानकारी रक्तदाता को भी नहीं होती लेकिन वह मानवहित में निरतंर अपना सहयोग देते रहते हैं, ऐसे लोगों से हमें प्रेरणा लेकर मानव कल्याण के लिए कार्य करना होगा।
श्री सिंह ने जिला चिकित्सालय में संचालित सीटी स्कैन कक्ष का औचक निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों से सीटी स्कैन के सम्बन्ध में जानकारी लेने पर पाया कि ओपीडी से प्रतिदिन लगभग 30-35 रैफर किये जो रहे मरीजों का सीटी स्कैन चिकित्सक के परामर्श के अनुसार किया जा रहा है, जिसका पूरा विवरण पंजिका में भी अंकित हो रहा है। उन्होने सीटी स्कैन के संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुये तैनात कार्मिकों से कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता ने कहा कि रक्तदान करने से मनुष्य कई बीमारियों से बच सकता है, रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं होती बल्कि 48 घंटे के भीतर मनुष्य के शरीर में नया खून बनकर तैयार हो जाता है। उन्होने कहा कि प्रत्येक वयस्क, सेहतमंद व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए, रक्तदान करने के पश्चात शरीर में नया खून तेजी से बनता है, जोे रक्तदान करने वाले व्यक्ति को तमाम प्रकार बीमारियों से प्रतिरक्षित करने में सहायक होता है।
जिलाधिकारी ने 15 से अधिक बार स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले रवि गुप्ता, दुष्यंत प्रताप सिंह, राजेश राजपूत, अभिषेक यादव, आदित्य प्रताप सिंह को प्रतीक चिन्ह, प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। अमर उजाला फाऊंडेशन, करनी सेना, संचेतना सोसाइटी, चेप्टर स्टडी अड्डा, राजकीय पॉलिटेक्निक छाछा संस्था के व्यवस्थापक को भी प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया वहीं उन्होंने प्रदेश में 105 बार रक्तदान करने पर तृतीय स्थान पाने वाले सत्येंद्र सिंह चौहान को भी सम्मानित किया। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर 45 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। इस दौरान मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. मदनलाल, ब्लड बैंक अधिकारी डा. विकास यादव, जिला क्षय रोग अधिकारी आशुतोष, डा. निशिता यादव, के अलावा चिकित्सक, अन्य स्टाफ आदि उपस्थित रहे।
स्वैच्छिक रक्तदान मानव सेवा का सर्वाेत्तम कार्य, रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं-जिलाधिकारी।
जनपद में रक्तदाताओं की कमी नहीं, यहां के रक्तदाताओं ने प्रदेश में ख्याति प्राप्त की- अविनाश।



