मैनपुरी(सुवि) जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण के दौरान कहा कि सभी की मेहनत, सहयोग के कारण लोकसभा सामान्य निर्वाचन-24 की मतदान प्रक्रिया सकुशल निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, सभी अधिकारियों, कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का निष्पक्षता के साथ निर्वहन कर मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन का अंतिम चरण लेकिन सबसे महत्वपूर्ण मतगणना का कार्य अभी शेष है, गणना कार्य में लगे सभी अधिकारी, कर्मचारी पूरी तन्मयता के साथ सजग रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर इस कार्य को भी निष्पक्षता, कुशलता के साथ संपन्न कराने में अपनी भूमिका अदा करें, मतगणना का कार्य एरर फ्री, निष्पक्ष रूप से संपादित करना है, गणना कार्य में सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारियों का दायित्व काफी बढ़ेगा इसलिए सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारी अपने कार्यों, दायित्वों की जानकारी भली-भांति कर लंे, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा गणना के संबंध में जारी किए गए दिशा-निर्देशों को भली-भांति पढ़ लें यदि कहीं कोई शंका हो तो उसका समाधान कर लें, मतगणना कर्मी कर्तव्य निष्ठा, परस्पर विश्वास, पारदर्शिता एवं सौहार्द, सुचिता, निष्पक्षता, इच्छाशक्ति एवं समर्पण, अनुभव का समावेश कर गणना प्रक्रिया को सम्पन्न करायें।

श्री सिंह ने प्रशिक्षण में उपस्थित गणना कार्मिकों से कहा कि कंन्ट्रोल यूनिट के टेबल पर पहुंचने पर ग्रीन पेपर शील, एड्रेस टैग को खोलने, 17-सी से मिलान कराने की प्रक्रिया की गहनता से जानकारी करें, अपने टेबल पर मौजूद अभिकर्ता को गणना प्रक्रिया की जानकारी दें, एजेंट का संतुष्ट होना बेहद जरूरी है, इसलिए डिस्प्ले पैनल पर दिखने वाले मतों की संख्या को सही ढंग से बोला जाये, जो संख्या बोली जाये वही लिखी जाये, बोलने-लिखने में गलती से भी गलती न हो, सुनिश्चित किया जाये। उन्होने कहा कि मतगणना सम्बन्धी उपलब्ध कराये गये प्रारूप के समस्त कॉलम स्पष्ट शब्दों में भरे जायें, मतदेय स्थल का क्रमांक अंग्रेजी अंक में लिखना अनिवार्य है, अन्य जहां कहीं भी अंक लिखने की आवश्यकता हो वहां अंग्रेजी का अंक ही लिखा जाना अनिवार्य है, मतपत्र लेखा 17-ग भाग-1 के अनुसार ही प्रारूप-17-ग भाग-2 के कॉलम में स्पष्ट शब्दों में भरा जाये, प्रत्येक शीट पर गणना सुपरवाइजर के स्पष्ट हस्ताक्षर करना अनिवार्य है।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने प्रशिक्षण में उपस्थित गणना कार्मिकों से कहा कि मतगणना का कार्य बेहद संवेदनशील है इसलिए सभी गणना कार्मिक अपने-अपने दायित्वों, कार्यों की भली-भांति जानकारी कर लें, सभी गणना कर्मी मतगणना तिथि 04 जून को प्रातः 06 बजे तक अनिवार्य रूप से मतगणना स्थल कृषि उत्पादन मंडी समिति पर उपस्थित होकर कार्मिक अनुभाग में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के उपरांत अपना आवंटित टेबल की जानकारी प्राप्त करने के उपरांत आवटिंत टेबुल पर पहुंचना सुनिश्चित करें, गणना कार्य प्रांरभ होने के पर प्रारूप के अनुसार प्रत्येक कॉलम को सुस्पष्ट भाषा में निर्धारित स्थान पर लिखें। उन्होने कहा कि प्रत्येक टेबल पर 01 गणना पर्यवेक्षक जो राजपत्रित अधिकारी अथवा समकक्ष होगा, 01 गणना सहायक, 01 गणना स्टॉफ के रूप में गु्रप-डी कर्मचारी एवं केन्द्रीय सेवा अथवा सार्वजनिक उपक्रम के समूह सी से अन्यून 01 माइक्रो आब्जर्वर तैनात रहेंगे, माइक्रो आब्जर्वर प्रेक्षक निर्देशन में कार्य करेंगे तथा मतगणना प्रक्रिया की सूचना निर्धारित प्रारूप पर उपलब्ध करायेंगे। उन्होने कहा कि मतगणना का कार्य मतगणना समाप्ति तक निरतंर चलेगा, मतगणना समाप्ति के उपरांत मतगणना कार्मिक सहायक रिटर्निंग अधिकारी से कार्यमुक्त प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के उपरांत ही मतगणना परिसर छोडें।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर, करहल, भोगांव, घिरोर, कुरावली, किशनी अभिषेक कुमार, नीरज द्विवेदी, संध्या शर्मा, सुप्रिया गुप्ता, राम नारायण, प्रसून कश्यप, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, आचार्य टी.ई.पी. सेंटर डा. डी.के. सचान आदि उपस्थित रहे।



