मैनपुरी(सुवि) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सामाजिक उत्थान एवं रोजगार आधारित जन-कल्याण के लिए पीएम-सूरज राष्ट्रीय पोर्टल के शुभारंभ कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित लाभार्थियों को सम्बोधित करते हुये जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि पी.एम. सूरज पोर्टल राष्ट्रीय पोर्टल है, जो सामाजिक उत्थान और रोजगार पर आधारित और जनकल्याण के लिए है। उन्होंने कहा कि वंचित वर्गों को ऋण सहायता के लिए पीएम-सूरज पोर्टल एक परिवर्तनकारी पहल है, जिससे समाज के वंचित वर्गों का उत्थान होगा, इसके द्वारा पात्र व्यक्तियों को बैंकों, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों, सूक्ष्म वित्त संस्थानों और अन्य संगठनों के माध्यम से ऋण सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से पात्रों को ऋण लेने में सुविधा मिलेगी, पोर्टल के माध्यम से लोगों को आसानी से लोन मिलेगा, बिजनेस लोन के लिए आवेदन किया जा सकेगा, बैंक के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे साथ ही व्यवसाय के नए अवसर भी तैयार होंगे।

जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ने डेयरी उत्पादन हेतु रीता कुमारी, पूजा कुमारी, ममता को रू. 01 लाख 60 हजार, दुर्विजय, लक्ष्मीकांत को रू. 50 हजार, शिव कुमार को रू. 30 हजार के स्वीकृति पत्र, तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अन्तर्गत साधना देवी को रू. 02 लाख, नाहर सिंह, अरूण, सचिन को रू. 01-01 लाख एवं कृष्णपाल वर्मा को रू. 50 हजार के स्वीकृति पत्र को उपलब्ध कराये। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, अग्रणी जिला प्रबन्धक अनिल प्रकाश तिवारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नेहा पाण्डेय के अलावा बड़ी संख्या में लाभार्थी आदि उपस्थित रहे