कुँ. आर. सी. महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत कार्यक्रम की संयुक्त इकाई (प्रथम एवं द्वितीय) द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का दूसरा दिन विशेष रूप से महिला स्वास्थ्य पर केंद्रित रहा।
प्रथम सत्र का शुभारंभ छात्राओं ने मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर साफ सफाई करने के पश्चात एनएसएस का लक्ष्य गीत प्रस्तुत करके किया। तत्पश्चात एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश सेन जी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं समाज का आधा हिस्सा हैं और समाज को सुचारू रूप से क्रियान्वित करने के लिए महिला स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रतिभा जायसवाल जी ने अपना विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज महिलाएं घर संभालने के साथ – साथ बाहर के काम काज में भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं ऐसे में उनके स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। द्वितीय दिवस की मुख्य वक्ता श्रीमती ममता त्रिपाठी तथा सुकन्या केयर की टीम ने महिलाओं को पीरियड्स के दिनों में होने वाली समस्याओं तथा उनके निदान पर चर्चा की और छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समुचित जवाब भी दिया। टीम की अध्यक्ष ममता त्रिपाठी जी ने छात्राओं से हर्बल सैनेट्री नैपकिन प्रयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा यदि महिलाएं सुकन्या केयर द्वारा निर्मित हर्बल इको फ्रेंडली सैनेट्री पैड का इस्तेमाल करती हैं तो स्किन से जुड़ी बीमारियों और अनियमित पीरियड की समस्याओं से भी निजात पा सकेंगी। पॉलिमर से बने सैनेट्री पैड स्किन रैशेज का कारण बनते हैं और स्किन से जुड़ी अनेक बीमारियों की भी संभावना रहती है। वहीं दूसरी तरफ हर्बल सैनेट्री पैड इको फ्रेंडली भी होते हैं ये पैड्स प्रयोग में लाने के बाद यदि खुले में भी फेंक दिए जाएं तो कुछ ही दिनों में आसानी से डिकंपोज हो जाते हैं और पर्यावरण को भी दूषित नहीं करते। जबकि पॉलिमर से बने हुए पैड सालों साल तक ऐसे ही पड़े रहते हैं और वातावरण को भी प्रभावित करते हैं।
द्वितीय सत्र में स्वयंसेविकाओ में महिला स्वास्थ्य से संबंधित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता हुई जिसमें चंद्रशेखर आज़ाद, अहल्या बाई होल्कर तथा सावित्रीबाई फुले टीमें क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहीं। तत्पश्चात छात्राओं में भाषण प्रतियोगिता हुई और कुछ छात्राओं ने लोकगीत प्रस्तुत किए।




Good news
Amazing
Comments are closed.