कुंवर आर. सी. महिला महाविद्यालय मैनपुरी में “उद्यम अभिमुखीकरण” कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मुख्य अतिथि श्रीमती रितु माहेश्वरी, मंडलायुक्त आगरा तथा श्री अविनाश कृष्ण, जिलाधिकारी मैनपुरी द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। महाविद्यालय की संयुक्त सचिव डॉ. सुशीला त्यागी जी ने शॉल और पुष्प-गुच्छ भेंटकर अतिथियों को सम्मानित किया। तत्पश्चात महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। मंडलायुक्त जी ने सरकार की निवेश संबंधी नीतियों और उसकी जमीनी सफलता के बारे में जानकारी दी और कहा कि गत वर्षों में उत्तर प्रदेश में निवेश द्वारा रोजगारपरक परिवेश का सृजन हुआ है। उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि युवाओं को सरकारी नौकरी के परंपरागत विकल्पों के साथ-साथ उद्यम के विकल्पों को भी तलाशना चाहिए।

जिलाधिकारी मैनपुरी श्री अविनाश कृष्ण सिंह जी ने भारतवर्ष को सर्वाधिक विकसित अर्थव्यवस्था बनने में युवाओं के महत्वपूर्ण योगदान की चर्चा की और मैनपुरी जिले में स्वरोजगार हेतु फार्मिंग और एग्रो फूड क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. राजेश कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी उच्च शिक्षा जी ने आगरा मंडल के तहत उच्च शिक्षा क्षेत्रों में किए गए निवेश की चर्चा की और विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा में प्रशिक्षित होने के लिए उद्यम कौशल हेतु लांच हुए विभिन्न कोर्सों की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए उत्कर्ष चंद्र उपायुक्त उद्योग, मैनपुरी जी ने जनपद में एम. ओ. यू. क्रियान्वन हेतु रणनीति और वाणिज्यिक उत्पाद प्रारंभ करने वाली इकाइयों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साकेत रुसिया (एसोसिएट प्रोफेसर) जी ने इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों की ट्रेनिंग, प्लेसमेंट और स्टार्टअप आइडियाज के विषय में बताया। कार्यक्रम में सम्मिलित यू. पी. सी. डी. क्षेत्रीय प्रबंधक एस. के. महोदय ने उद्यम की इकाइयों पर जानकारी प्रदान करते हुए उद्योग के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बात की। अरुणोदय वाजपेई, आगरा कॉलेज, आगरा जी कार्यक्रम के विषय को व्याख्यायित करते हुए कहा कि आज भारत के पास विश्व की सबसे बड़ी वर्किंग फोर्स है और सरकार द्वारा इस तरह के कार्यक्रमों को संचालित करने का उद्देश्य देश के विशाल युवा संसाधन को अधुनातन कौशलों की जानकारी प्रदान करके देश की अर्थव्यवस्था में योगदान देने हेतु तैयार करना है। कार्यक्रम में सम्मिलित जनपद के अन्य उद्यमियों में राघव तापड़िया, अजय दुबे, अमित अग्रवाल ने स्टार्टअप तथा स्व-रोजगार के विषय में अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को उद्यम हेतु प्रोत्साहित एवं प्रशिक्षित किया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी महोदय ने मंडलायुक्त श्रीमती रितु माहेश्वरी जी को स्मृति चिह्न प्रदान किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. शेफाली यादव जी ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह समय उद्योग जगत में बदलाव का समय है हम उद्यमी बनकर न सिर्फ अपना बल्कि देश का भी भरण पोषण कर सकते हैं। उक्त कार्यक्रम में कुंवर आर. सी. महिला महाविद्यालय की शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं छात्राओं के साथ मैनपुरी जनपद के अन्य शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. अलका पाठक जी ने किया।




❤
Comments are closed.