मैनपुरी(सुवि)आयुक्त आगरा मंडल आगरा रितु महेश्वरी ने कुं. आर.सी. महाविद्यालय में आयोजित ’’उद्यम अभिमुखीकरण कार्यक्रम’’ पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि माह फरवरी-2023 में प्रदेश में देश का सबसे बड़ा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन हुआ, मात्र 01 वर्ष के भीतर ही रू. 10 लाख करोड़ के एम.ओ.यू. धरातल पर क्रियाशील हो चुके हैं, इन उद्योगों, परियोजनाओं के प्रारंभ होने पर प्रदेश में 35 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में उद्यमियों को बेहतर माहौल मिला है, जिस कारण इतने बड़े स्तर पर निवेश हुए हैं, तमाम उद्यमियों ने जनपद में बॉयोमॉस, बॉयोगैस, सोलर एनर्जी पर आधारित उद्योगों हेतु एम.ओ.यू. किए हैं, बॉसमती चावल, शिक्षा, चिकित्सा पर आधारित उद्योग भी एम.ओ.यू. में शामिल हुए हैं, पर्यटन के क्षेत्र में भी तमाम संभावनाएं है। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में सॉफ्टवेयर पार्टनर कॉल ऑपरेटिंग सर्विसेज, डाटा पार्टनर, बिजनेस प्रोसेसिंग आदि यूनिट विदेशी कंपनियों के लिए कार्य कर रही हैं, हम घर बैठे ही इनसे जुड़़कर अपना भविष्य संवार सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र पर छोटे स्तर पर गठित स्वयं सहायता समूह से जुड़कर महिलाएं स्वावलम्बी बन रही हैं, सरकार गठित समूहों को बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वावलम्बी बना रही हैं, एक जनपद-एक उत्पाद योजना के तहत प्रत्येक जनपद में मुख्य उत्पाद को चयनित कर बढ़ावा देने का कार्य हुआ, उत्पादित सामग्री की बिक्री की व्यवस्था सरकार द्वारा की गयी, जनपद मैनपुरी में तरकाशी के कारीगरों को इस योजना से जोड़कर अपने हुनर को प्रदेश स्तर पर ही नहीं बल्कि देश-विदेश में भी पहचान दिलाने का कार्य हुआ। उन्होंने उपस्थित छात्रों, गणमान्य व्यक्तियों, उद्यमियों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी लोग नई तकनीकी अपनाकर अपने उद्योगों को बढ़ावा दें।

मंडलायुक्त ने कहा कि पिछले 05-06 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने हर क्षेत्र में विकास के नए आयामों को छुआ है, देश का ही नहीं बल्कि विश्व के कई देशों से ज्यादा आबादी वाले प्रदेश जहां की आबादी लगभग 24 करोड़ की है, हमारे सामने यह जनसंख्या एक चुनौती भी है यदि इतनी बड़ी जनसंख्या स्किल्ड होगी तो यही आबादी इस प्रदेश को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभायेगी। उन्होंने कहा कि विश्व के तमाम देशों में उम्र-दराज लोगों की अधिक संख्या है जबकि हमारे देश में विश्व में सबसे अधिक युवा आबादी है यही युवा विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त कर विश्व के तमाम देशों में जाकर क्षेत्र में अपना योगदान दे रहे हैं, प्रदेश में 56 प्रतिशत आबादी कार्य करने वाले आयु वर्ग की है, इन युवाओं को विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण देने का कार्य प्रदेश में तेजी से हो रहा है, कंप्यूटर, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल आदि तमाम क्षेत्र में 03 माह से लेकर 01 वर्ष तक प्रशिक्षण देने की व्यवस्था लागू की गई है, इन सभी प्रशिक्षण का लिंकेज रोजगार आधारित है, जिन प्रशिक्षण संस्थानों में स्किल डेवलपमेंट के प्रोग्राम संचालित है, उनको रोजगार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आयुक्त आगरा मंडल आगरा ने कहा कि प्रदेश में कई एक्सप्रेसवे का निर्माण हो चुका है, देश के 40 प्रतिशत एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में है, प्रदेश में आज 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था है, कुछ समय पूर्व ग्रामीण क्षेत्र में मात्र 04-05 घंटे विद्युत की आपूर्ति होती थी, शहरी क्षेत्र में भी विद्युत व्यवस्था बेहतर नहीं थी, उद्योगों के संचालन में भी विद्युत आपूर्ति के कारण असुविधा का सामना करना पड़ता था लेकिन आज प्रदेश में जिला मुख्यालय स्तर पर 24 घंटे, तहसील स्तर पर 18 से 20 घंटे, ग्रामीण क्षेत्र में 16 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है, प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि निवेश को बढ़ावा देने के लिए विगत 05 वर्षों में 25 से अधिक क्षेत्रों में पॉलिसी के तहत कार्य हुआ, खाद प्रसंसकरण, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य पर आधारित उद्योगों की स्थापना हेतु भूमि खरीदने से लेकर उद्योगों की स्थापना तक जी.एस.टी. पंजीकरण शुल्क, स्टांप ड्यूटी में अनुदान का प्राविधान किया गया, भूमि क्रय पर 80 प्रतिशत तक की सब्सिडी, कैपिटल इन्वेस्टमेंट पर 40 प्रतिशत, जी.एस.टी., इलेक्ट्रिसिटी पर अनुदान का प्राविधान किया गया, के अतिरिक्त विश्व की नमचीन कंपनियां को अधिक रियायत प्रदान की गयी, यह सभी पॉलिसी प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए लागू की गई है ताकि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि जनपद मैनपुरी में रोजगार मेलों का आयोजन कराकर 05 हजार से अधिक शिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है, जनपद के राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का उच्चतम पैकेज रू. 10 लाख तक का मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी सेवाओं हेतु ऑनलाइन सेवाएं प्रारंभ की हैं, निवेश मित्र पोर्टल जिस पर 400 से अधिक सेवाएं मिल रही हैं इसके अतिरिक्त सारथी पोर्टल संचालित किया गया हैं, जिसमें एमओयू से लेकर उसे धरातल पर क्रियान्वयन करने की व्यवस्था की गई है, प्रत्येक जनपद में एक उद्यमी मित्र की तैनाती की गई, जिनको सिर्फ एमओयू करने वाले उद्यमियों को तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई ताकि उद्यमियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि गुणवत्तापरक जीवन जीने के लिए हर एक व्यक्ति को तीन बुनियादी जरूरतें शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की आवश्यकता होती है, जिससे आवश्यकताओं की पूर्ति होती है, एक अच्छी शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य और प्रत्येक युवाओं को उनकी योग्यता और क्षमता के अनुसार रोजगार यह एक विकसित समाज, राष्ट्र की पहचान है, युवा स्वयं को उद्यम, रोजगार से जोडने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि मा. प्रधानमंत्री जी के आव्हान पर भारत संकल्प यात्रा जनपद में संयुक्त कैम्पेन चलाया गया था, जिसमें सभी ग्राम पंचायत, अर्बन क्षेत्र को आच्छादित किया गया था, पूरे जनपद के नगरीकों के मन में और विशेषकर युवाओं के मन में संकल्प जाग्रित करने का अभियान चलाया गया कि देश को आगामी 25 वर्षों, 2047 तक दुनिया के सबसे समृद्ध, विकसित राष्ट्र के रूप में हम लोग देख सकें और उसमें हर एक नागरिक का योगदान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र, समाज को अगर ऊंचाईयों तक ले जाना है तो प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देना बुनियादी शर्त है, इसके लिए यह आवश्यक है कि धरातल पर ऐसे अवसर, परिस्थितियां तैयार करें, जिसमें हमारा हर युवा, विद्यार्थी वर्ग के पास उसके लिए रोजगार के अवसर हों।

श्री सिंह ने कहा कि हमारा जनपद कृषि प्रधान है, बॉसमती चावल उत्पादन, निर्यात के लिए जाना जाता है, चावल उत्पादन में जनपद की बहुत बड़ी भागीदारी है, आलू, लहसुन के उत्पादन में भी जनपद की अहम भूमिका है। उन्होेंने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जनपद में कुल आबादी का 38-40 प्रतिशत युवा वर्ग है, 15-35 वर्ष की आयु के लोगों के हिसाब से एक बहुत बड़ी संख्या है, और इनकी बड़ी आशायें हैं, पहले समाज में धारणा थी कि केवल सरकारी नौकरी पाने वाले को ही रोजगार से जुड़ा हुआ माना जाता था, लेकिन आज सरकारी क्षेत्र से कहीं अधिक संभावनाएं निजी क्षेत्र की राष्ट्रीय, अन्तर्राष्ट्रीय कम्पनियांें में हैं, इसलिए युवाओं को अपनी दृष्टि सरकारी नौकरी के साथ-साथ बहुत सारे विविध आयामों में रखनी चाहिये, अपनी योग्यता, गुणों को उसमें शुरू से ही आजमना चाहिए, जैसे-जैसे राष्ट्रीय, अन्तर्राष्ट्रीय कंपनियों, देश के उद्यमियों ने देश के विकास में योगदान देना शुरू किया तो प्राइवेट सेक्टर बहुत बड़ी संख्या में नौकरियां जेनरेट की हैं, और इसके अलावा स्वःरोजगार के बहुत सारे अवसर खुले, सरकार ने इस ओर बहुत ध्यान केन्द्रित किया, एम.एस.एम.ई., स्वःरोजगार के अवसरों से हर एक युवा तक अपनी पहुंच बनाने का प्रयास किया गया और उसके लिए स्किल डेवलपमेंट के वीभिन्न प्रकार की योजनाओं को कई विभागों के मध्यम से संचालित किया जा रहा है, कौशल विकास के द्वारा युवाओं के लिए अनेक अवसर खोले गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि टीम वर्क के माध्यम लगातार जनपद को टॉप-10 में शामिल करने का प्रयास किया गया है कई बार प्रथम स्थान पर रहा है, सरकारी योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिलाया जा रहा है, सेवायोजन विभाग द्वारा 48 कैरियर काउसिलिंग कैम्पों का आयोजन कर 5600 छात्रों की काउसलिंग, 29 रोजगार कैम्पों का आयोजन कर 2200 प्रतिभागियों को विभिन्न कम्पनियों द्वारा रोजगार प्रदान किया गया, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना के अन्तर्गत विकास खंडों में 3298 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया, 1570 को रोजगार उपलब्ध कराया गया साथ ही आईटीआई के द्वारा भी प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होने कहा कि जनपद एतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक रूप से बहुत ही प्रासंगिक रहा है, सांस्कृतिक और धार्मिक नगरी में मार्कंडेय ऋषि, च्यवन ऋषि का तपोवन, महाराजा तेज सिंह की कर्म भूमि रहीं है, पिछले डेढ़ साल में प्रदेश सरकार ने यहां पर्यटन के क्षेत्र में धार्मिक, आस्था और उससे जुड़े हुए क्षेत्र के विकास में और जो ऐतिहासिक जगहें है, के पुनर्निर्माण, सौन्दर्यीकरण, पर्यटन विकास के कार्य कराये गये है जल्द ही मैनपुरी शहर में क्षेत्रीय ग्राम प्रशिक्षण संस्थान के समीप पर्यटन विभाग द्वारा डिजिटल म्यूजियम का शिलान्यास किया जायेगा।
उद्यम अभिमुखीकरण कार्यक्रम में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश प्रकाश, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीएसआईडीए चंद्रप्रकाश मौर्य, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चंद्र, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज से डा. साकेत रूसिया, उद्यमी राघव तापड़िया, अजय दुबे, अमित अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंध,ु अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार, सहायक रोजगार अधिकारी विकास मिश्रा, कॉलेज की प्राचार्य डॉक्टर सैफाली यादव बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन डा. अलका पाठक ने किया।
——————————————————



