मैनपुरी(सूवि) पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रू. 128.75 लाख की लागत से नगर क्षेत्र में स्थित चादेश्वर महादेव मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों का शिलान्यास करते हुए कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से जनपद के पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक महत्व के धार्मिक स्थलों को पुराना स्वरूप, भव्यता प्रदान करने के लिए धनराशि अवमुक्त की है, कई धार्मिक, पुरातात्विक महत्व के स्थलों का सर्वांगीण विकास, सौन्दर्यीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होनेे कहा कि 03 लोक के स्वामी महादेव की कृपा से ही यह कार्य संभव हो पाया है। उन्होने कहा कि लोकतंत्र में जनता के आशीर्वाद के बिना कुछ नहीं हो सकता है, मतदाताओं के आशीर्वाद के कारण ही आज मुझे प्रदेश में पर्यटन एवं संस्कृति का भार मिला, भारतीय जनता पार्टी की मूल आत्मा सनातन परंपराओं को नये संकल्प के साथ भारत की आस्था-आत्मा को अग्रसारित करते हुए अपनी विरासत को संरक्षित कर देश-प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने का कार्य पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के निर्देशन में हो रहा है।

उ.प्र. देश के ग्रोथ इंजन के रूप में कार्य कर रहा है,

पर्यटन मंत्री ने कहा कि उ.प्र. देश के ग्रोथ इंजन के रूप में कार्य कर रहा है, विश्व पटल पर देश को नयी पहचान दिलाने का कार्य देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हो रहा है, आज भारत की पहचान दुनियां के विकसित, ताकतवर श्रेणी में हो रही है। उन्होने कहा कि जनपद के सर्वागींण विकास के लिए प्रदेश सरकार ने तमाम योजनाएं संचालित की हैं, जनपद में प्रदेश का ही नहीं बल्कि देश का अत्याधुनिक ऑडोटोरियम, म्यूजियम बनने जा रहा है, इस हेतु शासन स्तर से धनराशि भी अवमुक्त हो चुकी है जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। उन्होने कहा कि नगर के प्राचीन महादेव मंदिर में स्वीकृत धनराशि से प्रवेश द्वार, मल्टीपरपज हॉल, मंदिर प्रांगण के सौंदर्यीकरण, न्यूरल बॉल, चिल्ड्रन पार्क का विकास, कूड़ेदान, बेंच भव्य एवं दिव्य रूप में अगले 09 माह में विकसित होगा, 05 अक्टूबर 2024 को लोकार्पण किया जायेगा। उन्होने कहा कि निर्माणाधीन कार्यों का थर्ड पार्टी से निरीक्षण करने का प्राविधान भी पर्यटन विभाग द्वारा किया गया ताकि जो भी कार्य हों वह गुणवत्ता, मानकों का पूरा कराया जाए, गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही अक्षम्य होगी। उन्होंने मंदिर मैनेजमेंट का आह्वान करते हुए कहा कि कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता का ध्यान रखें, निरंतर कार्यों पर पैनी नजर रखें यदि किसी के द्वारा निर्धारित मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग किया जाए तो संज्ञान में लायें।

22 जनवरी को भव्य-दिव्य श्रीराम मंदिर का लोकार्पण होगा

संस्कृति मंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की विरासत को सम्मानित करने का कार्य हो रहा है, हम सब भाग्यशाली हैं कि दि. 22 जनवरी को भव्य-दिव्य श्रीराम मंदिर का लोकार्पण हो रहा है, भगवान श्रीराम मंदिर में विराजमान होंगे, भारतीय संस्कृति को मजबूती प्रदान करने की जिम्मेदारी मैनपुरी को मिली है, सभी 75 जिलों में महत्वपूर्ण मंदिरों में भजन-कीर्तन, अखंड रामायण, रामलीला का आयोजन दि. 14 जनवरी से 22 जनवरी तक स्थानीय कलाकारों द्वारा किया जाएगा। उन्होने सभी का आव्हान करते हुये कहा कि 22 तारीख को अलौकिक क्षण को राम उत्सव के रूप में मनाने का कार्य करें, एक दिया घी का जरूर जलाएं, प्रांण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, पैक्सफेड के चेयरमैन प्रेम सिंह शाक्य, पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान, रामबाबू सिंह कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त भदौरिया आदि ने भी सम्बोधित किया, कार्यक्रम की अध्यक्षता जसराम सिंह भदोरिया, संचालन अजय पाल सिंह ने किया, विशाल वाल्मीकि ने नमो ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान चंादेश्वर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश, ब्लॉक प्रमुख जागीर मुनेष चौहान, साधना तिवारी, धीरू राठौर, अमित गुप्ता, विमल राजपूत, उदय चौहान, बबलू पांडेय, मनीष चौहान, सीमा चौहान, विमल राजपूत, शैलेंद्र सिंह चौहान, आर.के. गुप्ता, वेदपाल सिंह परमार, संजय चौहान, प्रदीप राज, विकास चौहान, बलबीर सिंह धनगर, यू.पी.पी.सी.एल. के परियोजना प्रबंधक राम कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी प्रदीप टम्टा आदि उपस्थित रहे।