मैनपुरी 30 दिसम्बर, 2023- जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति, जिला अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक में विद्यालयों में शिक्षकों की खराब उपस्थिति, पंजीकरण के सापेक्ष छात्रों की उपस्थिति पर खंड शिक्षाधिकारी सुल्तानगंज, शिक्षण सामग्री का प्रयोग न होने पर ए.आर.पी. करहल को नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए खंड शिक्षाधिकारियों से कहा कि निर्धारित मानक के अनुसार विद्यालयों का निरीक्षण कर विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण सुधारने की दिशा में कार्य करें, जिन विद्यालयों में छात्रों की उपस्थित संतोषजनक नहीं है, वहां बच्चों के अभिभावकों से वार्ता कर उन्हें बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें, जो शिक्षक नियमित रूप से अवकाश लेने के आदी हैं या समय से विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं, ऐसे शिक्षकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि विकास खंड बेवर, करहल में शिक्षकों की उपस्थिति मात्र 61 प्रतिशत, विकास खंड बरनाहल में 62 प्रतिशत है वहीं विकास खंड सुल्तानगंज में पंजीकृत छात्रों के सापेक्ष मात्र 76 प्रतिशत, विकास खंड बरनाहल में 79 प्रतिशत छात्र ही विद्यालयों में उपस्थित हो रहे हैं, शिक्षण योजना में भी विकास खंड बरनाहल, करहल, सुल्तानगंज, शिक्षण सामग्री में भी विकास खंड बरनाहल, करहल की प्रगति निराशाजनक है। उन्होने सम्बन्धित खंड शिक्षाधिकारियों, ए.आर.पी. को हिदायत देते हुये कहा कि स्थिति सुधारें अन्यथा जिम्मेदारी तयकर प्रभावी कार्यवाही की जायेगी।
श्री सिंह ने बेसिक शिक्षाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि डी.सी. निर्माण की भर्ती प्रक्रिया तत्काल पूर्ण की जाए। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जनपद में संचालित प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों को 19 बिंदुओं से संतृप्त किए जाने की समीक्षा के दौरान पाया कि जनपद में संचालित 1909 विद्यालयों के सापेक्ष 1835 विद्यालय 16 बिंदुओं से संतृप्त हो चुके हैं, अभी 74 विद्यालय संतृप्त होने से शेष हैं, जिसमें सर्वाधिक 20 विद्यालय किशनी, 16 विद्यालय मैनपुरी क्षेत्र एवं 09 विद्यालय सुल्तानगंज क्षेत्र में स्थित है, इसमें से अधिकांश विद्यालय नगरीय क्षेत्र में है, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अगले 01 सप्ताह में नगरीय क्षेत्रों के सभी विद्यालयों को 16 बिंदुओं से संतृप्त कराना सुनिश्चित करें, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी शेष बिंदुओं पर कंपोजिट ग्रांट से कार्य करायें, दि. 15 जनवरी तक जनपद का प्रत्येक विद्यालय सभी बिंदुओं से संतृप्त हो, सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकास खंड जागीर क्षेत्र में स्थित 195 विद्यालयों के सापेक्ष समस्त विद्यालय ऑपरेशन कायाकल्प के तहत संतृप्त होने पर खंड शिक्षाधिकारी, खंड विकास अधिकारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि अन्य खंड शिक्षाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एबीएसए, बी.डी.ओ. जागीर से प्रेरणा लेकर अपने-अपने क्षेत्र के सभी विद्यालयों को तत्काल संतृप्त कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि जनपद के  वरिष्ठ अधिकारियों को प्रत्येकसखंड में 01-01 विद्यालय गोद दिलाने की कार्यवाही तत्काल करें, अद्योहस्ताक्षरी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर जिला अधिकारी, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, उपायुक्त एन.आर.एल.एम., परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए., अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण, विद्युत को 01-01 विद्यालय आवंटित किया जाए, जिन विद्यालयों में अधिक छात्र पंजीकरण हों, उसी को आधार मानते हुए विद्यालय गोद दिए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन मीनू के अनुसार छात्रों को उपलब्ध कराया जाए, भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, उत्तम क्वालिटी के मसाले ही खाने में प्रयोग किए जाएं, ठंडा खाना किसी भी दशा में बच्चों को न खिलाया जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी आर.सी. गुप्ता, उपायुक्त मनरेगा पी.सी. राम, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक सत्येन्द्र कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी तुलसी राम, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी हरीओम बाजपेयी, समस्त खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षाधिकारी आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता ने किया।

2 COMMENTS

Comments are closed.