मैनपुरी(सूवि)पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत विकासखंड बेवर के ग्राम टोडरपुर में आयोजित कार्यक्रम, गोष्ठी को संबोधित करते हुए उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि आज हर्ष का विषय है कि आपके गांव में भी देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी वाली गाड़ी आयी है, यह गाड़ी विभिन्न संचालित योजनाओं का लाभ पाने से वंचित पात्रों को लाभ उपलब्ध कराने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सरकार आपके द्वारा, पात्र के द्वार पर ही संचालित योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए यह कार्यक्रम संचालित है, जनपद की प्रत्येक ग्रामसभा में यह कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, ग्राम स्तरीय कर्मियों द्वारा प्रतिभाग कर मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ पाने वाले पात्र लाभार्थियों के सत्यापन के साथ ही किसी कारणवश योजना का लाभ पाने से वंचित पात्रों के आवेदन भरवाकर मौके पर ही औपचारिकताएं पूर्ण कराकर उन्हें लाभान्वित किए जाने का कार्य प्रगति पर है।
विधायक भोगांव ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में डबल इंजन की सरकार समाज के अंतिम पायदान तक के व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाकर उन्हें भी विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य कर रही है, वर्ष 2047 तक भारत विश्व के विकसित देशों की कतार में नंबर एक पर खड़ा हुआ दिखाई दे, इसके प्रयास धरातल पर हो रहे हैं, गांव में भी शहरों जैसी व्यवस्था उपलब्ध कराकर ग्रामीण क्षेत्रों से शहरों की तरफ किये जा रहे पलायन को भी रोकने का कार्य हो रहा है, जरूरतमंद व्यक्तियों को गांव में ही रोजगार के संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले गरीब के परिवार में कोई व्यक्ति बीमार हो जाता था तो उसके परिजन किसी से पैसा उधार लेते थे, अपनी जमीन बेचते थे, महिलाओं के जेवर गिरवीं रख जाते थे, इलाज करने में पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना लागू कर गंभीर बीमारियों से ग्रसित गरीब परिवारों को रू. 05 लाख तक के निःशुल्क इलाज की व्यवस्था की, पात्र व्यक्ति अपने गोल्डन कार्ड का प्रयोग कर जनपद से लेकर आगरा, मुंबई, दिल्ली के किसी भी सबद्ध चिकित्सालय में अपना निःशुल्क इलाज करा सकेंगे। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार की महिलाओं को धुएं के कारण आंखों की परेशानी झेलनी पड़ती थी लेकिन प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराकर घर की महिलाओं को धुएं से निजात दिलाने का कार्य हुआ। अब इस योजना के तहत गरीब परिवार को एक नहीं बल्कि 02 सिलेंडर मिलेंगे, एक बड़ा, एक छोटा ताकि गरीबों के पास यदि बड़ा सिलेंडर भरवाने के लिए पैसा न हो तो छोटे में गैस भरवाकर रसोई का काम चला सकें।
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो, कम लागत में अधिक मुनाफा मिले, इसके लिए भी तमाम योजनाएं संचालित कीं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष रू. 06 हजार उपलब्ध कराया जा रहा है, योजना की धनराशि सीधे किसानों के खातों में भेजी जा रही है, कोई व्यक्ति भूखा न रहे, इसके लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना प्रारंभ की, जिसके तहत गरीब परिवारों को विगत 03 वर्षों से निरंतर निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है, किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत पीड़ित किसान परिवार को रू. 05 लाख की मद्द उपलब्ध करायी जा रही है, अब किसान दुर्घटना बीमा योजना में संशोधन कर किसान के परिवार में किसी की भी दुर्घटना होने पर उसे लाभान्वित करने का प्राविधान किया गया है साथ ही बटाईदार के रूप में खेती का कार्य करने वाले किसानों को भी योजना में लाभ दिलाने की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि 2017 से पूर्व प्रदेश में गुंडाराज कायम था लेकिन गुंडे कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं, गुंडे प्रदेश छोड़कर भाग गए या जेल में बंद है, तमाम गुंडे ऊपर जा चुके हैं।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि देश आज विकास के पथ पर अग्रसर है, विकसित राष्ट्र की श्रृंखला में शामिल करने के लिए अभियान संचालित है। उन्होने कहा कि आज हमारा देश विश्व की सबसे बड़ी 05 वीं अर्थव्यवस्था बन चुका है, अब लक्ष्य विकसित भारत बनाने का हमारे सामने है, मा. प्रधानमंत्री के संकल्पों के आधार पर हर देशवासी अपनी ऊर्जा, क्षमता का प्रयोग कर आगे बढ़ंे और आजादी के 100 वर्ष यानि 2047 तक इस देश को विकसित भारत के रूप में स्थापित करने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि सभी लोग चाहे स्त्री, पुरुष, बच्चा, विद्यार्थी, मजदूर, किसान सभी अपने मन में राष्ट्र सर्वाेपरि को रख देश को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान दें। उन्होने कहा कि जन-कल्याण की तमाम योजनाएं संचालित हैं, योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि अब तक जनपद की 50 प्रतिशत से अधिक ग्राम पंचायतों में विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन हो चुका है, इस यात्रा में ग्राम-वासियों ने बढ़कर भागीदारी सुनिश्चित कराई है, ग्रामों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर संचालित योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
श्री सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों को केंद्र-प्रदेश सरकार ने बहुत अधिकार दिए हैं, ग्राम पंचायतों के प्रधानों को आशा, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, संगिनी, ऑपरेटर, शिक्षा प्रेरक, कोटेदार आदि की तैनाती का अधिकार दिया है, लगभग 12 से अधिक कर्मी ग्राम पंचायतों के अधीन है, इन्ही कर्मियों के माध्यम से ही योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का कार्य हो रहा है, बच्चों की शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक की व्यवस्था है, विद्यालयों में अध्यनरत् छात्रों को उत्तम क्वालिटी का मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, स्टार्टअप योजना के माध्यम से युवा वर्ग को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए बैंकों के माध्यम से सस्ती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था की गई, युवाओं में कौशल विकास के लिए विभिन्न ट्रेडों में निःशुल्क प्रशिक्षण देकर उन्हें अंतरर्राष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराए जाने का कार्य संचालित है। किसानों के लिए कृषि ऋण, निःशुल्क बिजली की व्यवस्था, आवासहीन व्यक्ति को पक्का घर, शौचालय, निःशुल्क विद्युत कनेक्शन, हर घर को पीने के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था हुई।
विधायक भोगांव, जिलाधिकारी ने हर घर जल पंचायत घोषित होने पर ग्राम प्रधान हरेन्द्र सिंह को अभिनन्दन पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत छुन्नी, नीरज देवी को आवास की चाबी, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सुजीत कुमार, विनीत कुमार, अरविंद, संगीता, मो. सरीफ को गोल्डन कार्ड, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत ऊषा देवी, सुनीता, रामकली, मोक्षश्री को गैस सिलेण्डर, चूल्हा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत रघुवीर सिंह, अंतराम, नत्थूलाल, नरेन्द्र सिंह, पंकज दीक्षित को स्वीकृति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराये। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी भोगांव संध्या शर्मा, उप जिलाधिकारी किशनी योगेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येंद्र कुमार, उपायुक्त मनरेगा पी.सी. राम, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, जिला कृषि अधाकारी डा. सूर्य प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद तोमर, मंडल अध्यक्ष अन्नू वैश्य आदि उपस्थित रहे।