मैनपुरी 22 मई, 2023- जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिला वृक्षारोपण, जिला पर्यावरण एवं जिला गंगा समिति की बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी को निर्देशित करते हुए कहा कि गत वर्ष विभिन्न विभागों द्वारा रोपित किए गए पौधों का अन्य विभागीय अधिकारियों से सत्यापन कराना सुनिश्चित करें, जिन-जिन विभागों द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष पौधे रोपित किए गए थे, उनमें से कितने पौधे जीवित हैं, उनका आकलन कराकर मृत पौधों के स्थान पर नए पौधे रोपित कराएं, आगामी वृक्षारोपण अभियान के लिए अभी से तैयारियां प्रारंभ की जाएं, सभी संबंधित विभाग के अधिकारी आगामी 10 दिन में स्थल का चयन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, चयनित वृक्षारोपण स्तर पर मनरेगा से गड्ढा खुदान का कार्य कराया जाए। उन्होंने प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी से कहा कि आगामी वृक्षारोपण अभियान हेतु पौध बेहतर ढंग से तैयार की जाए, सभी विभागों को कम से कम 03 फीट के पौधे उपलब्ध कराए जाएं, जो पौधे उपलब्ध कराए जाएं वह ठीक स्थिति में हों। उन्होंने कहा कि सत्यापन के लिए जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए, वह अधिकारी स्वयं वृक्षारोपण स्थल का भ्रमण कर रोपित पौधों का सत्यापन करें, यह कार्य किसी भी दशा में अधीनस्थों से न कराया जाए यदि किसी नामित अधिकारी द्वारा स्वयं मौके पर न जाकर अधीनस्थों से सत्यापन कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत की तो उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही होगी।
श्री सिंह ने अधिशासी अधिकारी नगर निकाय को निर्देशित करते हुए कहा कि ठोस अवशेष प्रबंधन के मुकम्मल इंतजाम किए जाएं और इसकी रिपोर्ट तत्काल वन विभाग को उपलब्ध कराई जाए, मिशन लाइफ के अंतर्गत टूरिज्म एवं कल्चर, फूड एवं सिविल सप्लाई, पंचायती राज, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, यूथ वेलफेयर एंड स्पोट्र्स, महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि एवं उद्यान विभाग, मिशन लाइफ के अंतर्गत 06 जून तक सरकारी कार्यालयों, आवासीय परिसर, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों को प्लास्टिक मुक्त करने के लिए प्रेरित करें, ग्राम पंचायत स्तर तक अभियान चलाया जाये, वैटलेंड, नहर, नदियों के आस-पास प्लास्टिक, कचरे की सफाई करायी जाये, पुलिस विभाग चैराहों पर वाहन चालकों को रेड लाइट होने की दशा में वाहन बंद कर खड़े करने हेतु जागरूक करें, अभियान के दौरान लोगों को जन-स्वास्थ्य के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग मिशन लाइफ पर जो भी कार्यक्रम आयोजित कराएं, उसको मेरी लाइफ पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि गठित गंगा समितियों की आगामी 07 दिन में बैठकें करायें, बैठक में जो भी कार्य स्वीकृत हों उनके प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करें।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण के बेहतर प्रबंध किए जाएं, बायो मेडिकल वेस्ट ले जाने वाले वाहन जी.पी.एस. सिस्टम युक्त रहे और उनकी मानीटरिंग की जाए, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण पर नजर रखें, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय भी अपने-अपने क्षेत्रों में बायो मेडिकल वेस्ट, अपशिष्ट ठोस प्रबंधन का नियमानुसार निस्तारण कराएं, इसमें किसी भी स्तर पर कोताही अक्षम्य होगी। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों, समिति के सदस्यों को लाइफ प्रतिज्ञा पर्यावरण को बचाने के लिए अपने दैनिक जीवन में हर संभव बदलाव की शपथ दिलाते हुये कहा कि सभी को अपने परिवार, मित्रों और अन्य लोगों को पर्यावरण के अनुकूल आदतों एवं व्यवहारों के महत्व के विषय में सतत् रूप से प्रेरित करने की शपथ दिलायी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पी.पी. सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एस.एन मौर्य, उपायुक्त मनरेगा पी.सी. राम, वरिष्ठ कोषाधिकारी श्यामलाल जायसवाल, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, करहल, किशनी, घिरोर, कुरावली नवोदिता शर्मा, अंजलि सिंह, गोपाल शर्मा, आर.एन. वर्मा, युगान्तर त्रिपाठी, नितिन कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी प्रमोद कुमार शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी कयामुद्दीन अंसारी, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी अजय पाल, भूमि संरक्षण अधिकारी विजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।