
जन-शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण के लिए अधिकारी संवेदनशील रहे- जिलाधिकारी।
मैनपुरी 20 मई, 2023- जन-शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापरक निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है, इसलिए सम्पूंर्ण समाधान दिवस के अलावा जन-सुनवाई, विभिन्न स्तर से प्राप्त शिकायतों का सम्बन्धित अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान निराकरण करें, शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर विलम्ब न हो, जिस शिकायत का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सम्भव न हो उस पर विस्तृत टिप्पणी अंकित कर वापिस भेजा जाये, कोई भी अधिकारी अपने यहां शिकायत को लंबित न रखे, भूमि संबंधी विवादों के प्रकरण में पुलिस, राजस्व विभाग की टीम संयुक्त रुप से मौके पर जाकर समस्या का समाधान कराएं, संभ्रांत व्यक्तियों की मौजूदगी में अनाधिकृत कब्जा हटवाकर पात्र व्यक्ति को कब्जा दिलाया जाए, कहीं भी सार्वजनिक, सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा न रहे, गरीब, कमजोर व्यक्ति की भूमि पर भी कोई दबंग काबिज न रहे, भूमि पर अनाधिकृत कब्जा करने वालों विरूद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाये, आवंटित पट्टों पर पट्टेदार काबिज रहें, सुनिश्चित किया जाये।
उक्त निर्देश जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील भोगांव में जन-शिकायतें सुनने के उपरांत उपस्थित अधिकारियों को देते हुये कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति संतोषजनक है लेकिन कुछ शिकायतों के निस्तारण में अभी भी लापरवाही बरती जा रही है, भूमि विवाद के कुछ प्रकरणों में पैमाइश के उपरांत कब्जा न दिलाए जाने के कारण शिकायतकर्ता असंतुष्ट है और वह निरंतर किसी न किसी माध्यम से शिकायत दर्ज करा रहे है, कुछ शिकायतें पात्र होने के बावजूद संचालित योजना का लाभ उपलब्ध न कराये जाने से सम्बन्धी प्राप्त हो रही हैं। उन्होने कहा कि संचालित जन कल्याणकारी, लाभार्थीपरक योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिले, पात्रता की जांच गहनता से करायी जाये, योजना का लाभ प्रदान करने में पूरी पारदर्शिता बरती जाये, किसी भी योजना में अपात्र व्यक्ति को लाभान्वित न किया जाये, यदि किसी विभाग द्वारा पात्रता की जांच कराने में कोताही बरती गयी या किसी अपात्र व्यक्ति को लाभान्वित किया गया तो सम्बन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्यवाही होगी।
आज आयोजित सम्पूंर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील भोगांव में 36 शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी के सम्मुख शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से अपनी व्यथा दर्ज करायी, जिसमें से 05 शिकायतों का मौके पर निराकरण कर तत्काल फरियादी को राहत प्रदान की, शेष को सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिये। ग्राम कुरारी नि. मुन्नालाल ने पट्टे की भूमि की पैमाइश कराने, ग्राम जलालपुर दिखतमई नि. मनोज कुमार ने गाटा संख्या-251, 0.049 हे. चकमार्ग पर विपक्षियों द्वारा किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाकर चकमार्ग को खाली कराये जाने, ग्राम मक्खनपुर नि. रामा सिंह, ग्राम केहरी नि. बलवीर सिंह ने निजी भूमि से अवैध कब्जा हटवाये जाने, नगला कलू नि. महावीर सिंह ने गाटा संख्या-681, 0.243 हे. पट्टाशुदा जमीन पर दंबगों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को हटवाने, कटरा ब्योंति नि. भरत सिंह ने आवासीय भूमि पर विपक्षियों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को हटवाये जाने, मेरापुर छदामी नि. जागेश्वर सिंह, किशन लाल, राजाराम, ओमकार सिंह ने भूमि संख्या 486, 1.939 हे. रकवा 0.324 पर राम प्रताप, सूरज सिंह, रघुवीर सिंह, रघुराज सिंह, नौरतन सिंह द्वारा गुण्डागर्दी के बल पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, ग्राम गदाईपुर नि. बालकराम, राहुल सिंह, अवधेश कुमार, वीरेन्द्र सिंह, नेत्रपाल सिंह, मुन्नालाल ने चकरोड संख्या 192, 184, से अनाधिकृत कब्जा हटवाने की शिकायत अपने प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की जिन्हें सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर निस्तारण हेतु उपलब्ध कराया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी अंजलि सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा.पी.पी. सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एस.एन.मौर्य, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. पी.सी.राम, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सतेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी भोगांव सुनील कुमार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण सुधीर भारद्वाज, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी प्रमोद कुमार शर्मा, उप कृषि निदेशक डी.वी. सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन असंारी, उपायुक्त उद्योग मो. सऊद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्योति शाक्य, तहसीलदार भोगांव आनंद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



