
मैनपुरी 10 मार्च, 2023- जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने मा. मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिस विकास खंड में जितनी अस्थाई गौशालाओं की आवश्यकता हो, उन विकास खंडों में 15 मार्च तक अस्थाई गौशालाओं का निर्माण कराकर क्षेत्र के निराश्रित गौवंश संरक्षित किए जाएं, संबंधित उप जिलाधिकारी 02-03 दिन में भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं, विशेषतौर पर मैनपुरी शहर, भोगांव तहसील के आसपास, करहल कोतवाली के आसपास जितने भी निराश्रित गौवंश घूम रहे हैं, उन्हें तत्काल पकड़वाकर जिन अस्थाई गौशाला में निर्धारित क्षमता के सापेक्ष कम गौवंश संरक्षित है, उन गौशालाओं में संरक्षित किया जाए, खंड विकास अधिकारी कम से कम 25-25 गौवंशों को पशु सहभागिता योजना में ग्राम प्रधानों का सहयोग लेकर गौपालकों को उपलब्ध कराएं यदि किसी क्षेत्र में निराश्रित गौवंश सड़कों पर दिखें तो संबंधित खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय की जिम्मेदारी तयकर कार्यवाही होगी।
श्री सिंह ने खंड विकास अधिकारियों, परियोजना अधिकारी डूडा को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में कोई भी पात्र व्यक्ति योजना का लाभ पाने से वंचित न रहे, किसी भी अपात्र व्यक्ति को योजना में लाभान्वित न किया जाए, खंड विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा स्वयं प्राप्त आवेदनों का स्थलीय सत्यापन करें, अधीनस्थों पर निर्भर न रहें, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए., उपायुक्त मनरेगा से कहा कि रैंडमतौर पर आवास योजना के लाभार्थियों का सत्यापन करें यदि किसी अपात्र व्यक्ति को योजना में लाभान्वित किया गया तो संबंधित खंड विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा की जिम्मेदारी तय कर कार्यवाही होगी। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के प्राप्त आवेदनों के सत्यापन के कार्य में कुछ खंड विकास अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों द्वारा विलंब किया जा रहा है, खंड विकास अधिकारी घिरोर के यहां 121, जागीर के यहां 36, किशनी के यहां 83, उप जिलाधिकारी मैनपुरी के यहां 127, कुरावली के यहां 45, किशनी के यहां 53 आवेदन सत्यापन हेतु अवशेष है। उन्होंने संबंधित खंड विकास अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि आगामी 02 दिन में लंबित आवेदन पत्रों का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित करते हुए कहा कि हर घर जल योजना के तहत ग्राम पंचायतों में घर-घर कनेक्शन दिए जाने की प्रगति बेहद निराशाजनक है, 1000 कनेक्शन प्रतिदिन के सापेक्ष मात्र 250 कनेक्शन ही किए जा रहे हैं, लेबर बढ़ाकर निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रतिदिन नल संयोजन कराये जाएं, प्रत्येक ग्राम पंचायत पर पांच सदस्यीय पानी समिति का गठन भी तत्काल किया जाए, समस्त विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों सहित अन्य शासकीय कार्यालयों में पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाए। उन्होने गोल्डन कार्ड की प्रगति की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी से कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों के तत्काल गोल्डन कार्ड बनाये जाएं, ताकि गरीब व्यक्तियों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने समीक्षा के दौरान बैठक में उपस्थित कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं से कहा कि निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, अद्योमानक कार्य पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के अभियंता, ठेकेदार की जिम्मेदारी तय कर कार्यवाही होगी। उन्होंने कहा कि टेक्निकल टीम द्वारा संचालित निर्माणाधीन कार्यों की जांच के दौरान यू.पी.पी.सी.एल. के द्वारा कराए जा रहे कार्यों में कई कमियां पायी गयीं, बेसिक शिक्षा कार्यालय में निर्माणाधीन भवन की गुणवत्ता बेहद खराब पाए जाने की रिपोर्ट भी टेक्निकल टीम द्वारा दी गई है, जिस पर उन्होंने कार्यदायी संस्था यू.पी.पी.सी.एल. के सभी भुगतान तत्काल प्रभाव से रोके जाने के निर्देश देते हुए कार्यदायी संस्था के अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यों की गुणवत्ता सुधारें, जहां भी कमियां मिली है उन्हें तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी से कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत इस माह में जिन गरीब कन्याओं की शादी का कार्यक्रम आयोजित होना है, उसे पूरी भव्यता के साथ संपन्न कराया जाए, जानकारी करने पर पाया कि आज तक तहसील करहल में 74, भोगांव में 120, किशनी में 53, मैनपुरी में 22, घिरोर में 37 एवं कुरावली में 12 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनका सत्यापन का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पी.पी. सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एस.एन.मौर्य, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सतेन्द्र सिंह, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. पी.सी. राम सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता आदि उपस्थित रहे।



