मैनपुरी(सुवि)आगामी जनगणना-2027 के दूसरे चरण की जनसंख्या गणना के सुचारु, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित पारिजात सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों, विभागध्यक्षों की बैठक में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि जनगणना कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता पर लेते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होने कहा कि जनसंख्या गणना के अंतर्गत दि. 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक ’’स्व-गणना’’ की अवधि निर्धारित की गई है, जिसके उपरांत दि. 01 दिसम्बर से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर कार्य संपादित किया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि 16 नवम्बर को जनपद के सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा अनिवार्य रूप से अपनी स्व-गणना पूर्ण की जाए, इसके लिए जनपद, तहसील, विकास खंड स्तर पर कर्मचारियों को एकत्रित कर अभियान के रूप में स्व-गणना कराई जाए, प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी द्वारा स्व-गणना पूर्ण करने के उपरांत जनरेट होने वाली यूनिक आईडी को संकलित कर कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराना होगा ताकि वास्तविक प्रगति की सटीक ट्रैकिंग हो सके। उन्होने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को निर्देश दिए कि 16 नवम्बर को जनपद के शत-प्रतिशत शिक्षकों की स्व-गणना प्रत्येक दशा में पूर्ण कराई जाए, सभी विद्यालयों में खंड शिक्षाधिकारियों के माध्यम से निरंतर मॉनिटरिंग कर सभी शिक्षकों की जनरेटेड आईडी एकत्र की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकांश शिक्षक प्रगणक एवं बीएलओ की भूमिका में हैं, अतः वह 16 नवम्बर को स्वयं की गणना पूर्ण करने के पश्चात 17 नवम्बर से अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों, ग्राम पंचायतों में जाकर आम-जनमानस की स्व-गणना कर सकें।

श्री त्रिपाठी ने लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रगणक प्रतिदिन कम से कम 10 से 15 परिवारों की स्व-गणना कराना सुनिश्चित करे ताकि निर्धारित 15 दिनों की अवधि में लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सके। उन्होने कहा कि शहरी, ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी, उपायुक्त स्वतः रोजगार ग्राम पंचायत स्तर पर तैनात पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों, समूह सखियों, बैंक सखियों एवं बीसी सखियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करें और पंचायत भवनों पर कैंप लगाकर अधिक से अधिक लोगों की स्व-गणना करायें, नगरीय निकायों में अधिशासी अधिकारी सभी सभासदों, अध्यक्षांे एवं सफाई कर्मचारियों की स्व-गणना करायें साथ ही वार्ड स्तर पर हेल्प-डेस्क स्थापित कर नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा प्रदान की जाए। उन्होंने जन-प्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक, न्यायिक अधिकारियों की स्व-गणना हेतु भी नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना में पूछे जाने वाले 40 प्रश्न अत्यंत सरल हैं, आमजन बिना किसी झिझक के अपनी स्व-गणना कर अपनी आईडी सुरक्षित रखें ताकि प्रगणक के घर आने पर प्रक्रिया शीघ्रता से पूर्ण हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, मुख्य चिकित्साधिकारी से समस्त पैरामेडिकल स्टॉफ, चिकित्सकांे सहित अन्य कार्मिकों की स्व-गणना कराने के निर्देश दिये। उन्होने कलेक्ट्रेट परिसर में हेल्प-डेस्क एवं कंट्रोल रूम स्थापित कराने के भी आदेश देते हुए कहा कि कलैक्ट्रेट में स्थापित हेल्प-डेस्क पर आगामी 15 दिनों के रोस्टर के अनुसार विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल, अधिवक्ता संघ एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स को आमंत्रित कर उनकी स्व-गणना कराई जाए।
अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द ने कहा कि दि. 16 नवम्बर से अभियान की राज्य स्तर से मॉनिटरिंग प्रारंभ होगी और इसी के आधार पर जनपदों की रैंकिंग निर्धारित होगी। उन्होंने समस्त तहसीलदारों, अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित बड़े स्कूलों, कॉलेजों एवं प्रमुख संस्थाओं को चिन्हित करें तथा अपने क्षेत्र के विशिष्ठ, अति विशिष्ठ व्यक्तियों की सूची तैयार कर प्रगणकों, सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाकर उनकी स्व-गणना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्मिकों यथा आशा, एएनएम, पंचायत सचिव, पूर्ति निरीक्षक एवं सफाई कर्मचारियों की शत-प्रतिशत स्व-गणना कराने पर बल दिया साथ ही बताया कि सभी प्रगणकों को प्रश्नावली के प्रिंटेड फॉर्म उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिन्हें वह अगले 02 दिनों के भीतर घरों में वितरित करेंगे ताकि 17 नवम्बर से अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना फॉर्म एकत्र किए जा सकें।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए शोभनाथ चौरसिया, डी.सी.एन.आर.एल.एम. शौकत अली, उप जिलाधिकारी भोगांव, घिरोर, किशनी, कुरावली, पीयुष कुमार जायसवाल, सुनिष्ठा सिंह, नवनीता राय, प्रदीप कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर मिथिलेश कुमार त्रिपाठी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय आदि उपस्थित रहे, जिला प्रभारी जनगणना शैलजा त्रिवेदी ने स्व-गणना के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी।



