मैनपुरी(सुवि)तहसील करहल के ग्राम सिमरऊ में जल-जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हुई ग्रामीण पेयजल परियोजना में ’जल अर्पण’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, इस अवसर पर भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के संयुक्त सचिव डी. सेंथिल पांडियन, जम्मू-कश्मीर के जल-जीवन मिशन निदेशक अनू मल्होत्रा, लद्दाख के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मो. उस्मान खान, इफ्तिखार अहमद आदि की संयुक्त टीम एवं जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया, अधिकारियों के दल ने सोलर आधारित पंप हाउस, ओवरहेड टैंक तथा जल गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया और ग्रामवासियों, ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों से सीधे संवाद किया। निरीक्षण एवं संवाद के दौरान भारत सरकार के संयुक्त सचिव डी. सेंथिल पांडियन ने कहा कि जल अर्पण कार्यक्रम केवल एक औपचारिक या सरकारी आयोजन नहीं बल्कि इसका वास्तविक अर्थ सरकार द्वारा निर्मित इस पेयजल परिसंपत्ति को ग्राम पंचायत और ग्रामीणों के हाथों में सौंपना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रारंभ किए गए जल-जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नियमित रूप से प्रतिदिन स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने पंप हाउस परिसर के साथ-साथ ग्रामीणों के घरों में जाकर वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक ’जल वंदन’ के माध्यम से जलापूर्ति का शुभारंभ किया, ग्रामवासियों को प्रेरित किया कि वह इस परियोजना को अपनी स्वयं की संपत्ति समझ इसका दीर्घकालिक संरक्षण, संचालन करें।

IMG 20261127 WA0004

संवाद के क्रम में संयुक्त सचिव ने ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह तोमर, ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों तथा पंप ऑपरेटर राजकुमार भदौरिया से संचालन की बारीकियों पर चर्चा करते हुए निर्देशित किया कि पंप ऑपरेटर और समिति के सदस्यों को ’जल-जीवन मिशन योजना’ तथा कौशल विकास मिशन, आई.टी.आई. के माध्यम से नियमित प्रशिक्षण दिया जाए ताकि छोटी-मोटी तकनीकी समस्याओं का निस्तारण स्थानीय स्तर पर ही हो सके। उन्होंने ग्राम पंचायत को सुझाव दिया कि वह आपसी सहमति से न्यूनतम उपभोक्ता शुल्क निर्धारित करें तथा 16वें वित्त आयोग की टाइड ग्रांट जिसमें 50 प्रतिशत राशि पेयजल एवं स्वच्छता हेतु निर्धारित है एवं ई-ग्राम स्वराज पोर्टल के माध्यम से भविष्य के रख-रखाव के लिए एक सुदृढ़ बजट व्यवस्था तैयार करें, इसके साथ ही केंद्रीय भू-जल बोर्ड के मानकों के अनुरूप भूजल स्तर को रिचार्ज रखने के लिए वीबी-जी-राम-जी योजना के साथ समन्वय स्थापित कर तालाबों के जीर्णाेद्धार, सिंचाई नालियों एवं वर्षा जल संचयन रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर विशेष ध्यान दिया जाये, प्रत्येक वर्ष माह मार्च में ’जल महोत्सव’ आयोजित कर इस उपलब्धि का उत्सव मनाने का आह्वान किया।

IMG 20261127 WA0003

उन्होने स्वयं सहायता समूह की महिला जल-सखी लक्ष्मी एवं उनकी टीम ने फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से सभी अधिकारियों, ग्रामीणों के समक्ष पेयजल के पीएच, हार्डनेस, ऑयरन, फ्लोराइड और नाइट्रेट सहित 09 मानकों का लाइव परीक्षण करके दिखाया, महिलाओं ने बताया कि वर्ष में 02 किटों के माध्यम से वह कुल 200 सैंपल की जांच कर उसकी रिपोर्ट सीधे ’जल सखी ऐप’ व ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करती हैं, जिसकी निगरानी दिल्ली स्तर तक की जाती है, अधिकारियों ने ग्रामीणों को ’जल साथी’ मोबाइल एप्लिकेशन के बारे में भी जानकारी दी, जिसके माध्यम से वह अपनी ग्राम पंचायत की पेयजल व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं देख सकते हैं और किसी भी शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्वरित निस्तारण करा सकते हैं।

जम्मू-कश्मीर की मिशन निदेशक अनू मल्होत्रा ने ग्राम की महिलाओं की तकनीकी दक्षता, पोर्टल संचालन, सौर पैनलों की नियमित साफ-सफाई के प्रति जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, अपनत्व की भावना से यह परियोजना आगामी कई दशकों तक सफलतापूर्वक संचालित होती रहेगी, ग्रामवासियों ने भी पूर्व के अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले 40 फीट गहरे उथले हैंडपंपों का दूषित पानी पीने से अनेक बीमारियां होती थीं लेकिन अब घर-घर स्वच्छ नल जल पहुंचने से स्वास्थ्य और जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है।

जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जल-जीवन मिशन के अंतर्गत रू. 01 करोड़ 18 लाख की लागत से ओवरहेड टैंक, ट्यूवेल, पाइप लाइन, सोलर पैनल से सभी कार्य पूर्ण हो चुके हैं, योजना पूरी तरह संचालित है, गांव के 186 परिवारों को नल के माध्यम से स्वच्छ जल की आपूर्ति प्रातः 07 बजे से 09 तक एवं सायं 04 बजे से 06 बजे तक की जा रही है। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत 75 किलो लीटर क्षमता का ओवरहेड टैंक तथा 7.5 हॉर्स पावर का पंप स्थापित किया गया है, उ.प्र. में एक अभिनव प्रयोग के रूप में पंप हाउस के संचालन हेतु 13.2 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाया गया है, जिसकी कार्य क्षमता लगभग 30 वर्ष है, सोलर ऊर्जा के उपयोग से विद्युत व्यय में भारी कमी आई है, प्रति यूनिट बिजली की लागत रू. 08 से घटकर मात्र रू. 03.50 रह गई है, जिससे ग्राम पंचायत पर आर्थिक बोझ न्यूनतम हो गया है, मौसम की प्रतिकूलता की स्थिति में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक रूप से जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है। उन्होने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्यदायी संस्था नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया गया है, जो हाइब्रिड एन्युइटी मॉडल के अंतर्गत 18 जनवरी 2025 से आगामी 10 वर्षों तक इसका संचालन एवं रख-रखाव भी करेगी, जनपद में कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए न्याय पंचायतवार नोडल अधिकारी नामित कर पाइप लाइन बिछाने, ओटी टेस्ट, क्लोरीनेशन की नियमित पाक्षिक, मासिक समीक्षा की जा रही है इसके अतिरिक्त ग्राम के सभी प्राथमिक, जूनियर विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को पेयजल कनेक्शन से जोड़ते हुए बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आर.ओ. सिस्टम भी लगाए जा रहे हैं।

संवाद कार्यक्रम के उपरांत संयुक्त सचिव, जम्मू-कश्मीर के जल-जीवन मिशन निदेशक एवं अन्य सदस्यों ने जल संरक्षण सम्बन्धी शपथ दिलायी साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालित गोद-भराई कार्यक्रम के अन्तर्गत शिवानी, राखी को पोषण किट उपलब्ध करायी। इस दौरान डिप्टी एड्वाइजर सुमित प्रियदर्शी, आयुक्त, सचिव जल शक्ति सौगत विश्वास, निदेशक सजाद कादरी, सचिव शूरवीर सिंह, क्षेत्रीय निदेशक अविनाश किशोर, अतिरिक्त मिशन निदेशक हितेष गुप्ता, एच.ओ.डी. मो. जिया-उल-हक कोहली, अपर सचिव डॉ. मो. उस्मान खान, ओ.एस.डी. आबिद हुसैन, जे.एम.डी. राजेश कुमार प्रजापति, मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, उप जिलाधिकारी करहल तेजस कृष्णा प्रसाद, उपायुक्त एनआरएलएम शौकत अली, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, जिला समाज अधिकारी अशोक कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजेश बघेल, जिला पंचायत राज अधिकारी अंकित त्यागी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, सहायक अभियंता लघु सिंचाई राहुल कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण, जल निगम ग्रामीण ए.के. अरुण, सहायक अभियंता लोक निर्माण मो. ज़की, बाल विकास परियोजना अधिकारी हरिओम बाजपेई सहित स्वच्छता एवं पेयजल समिति, विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाएं, ग्रामवासी आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. शोभनाथ चौरसिया ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here