मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पारिजात सभागार में पी.एम. सूर्यघर मुफ्त बिजली योजनांतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए योजना की धीमी प्रगति, बैंक स्तर पर ऋण स्वीकृति में अनावश्यक विलंब होने, वेंडर्स द्वारा लक्ष्य के अनुरूप सोलर संयंत्रों की स्थापना न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता वाली महत्वाकांक्षी योजना में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अक्षम्य होगी। उन्होने बैंकर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि लंबित पत्रावलियों को अगले 02 दिन में प्रत्येक दशा में स्वीकृत करें, वैण्डर्स पत्रावली स्वीकृत के पश्चात 30 नवम्बर तक लाभार्थी के घर सोलर सिस्टम की स्थापना सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान पाया कि भारतीय स्टेट बैंक में 112, बैंक ऑफ बड़ौदा में 82, पंजाब नेशनल बैंक में 61, बैंक ऑफ इंडिया 42, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 18 तथा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में 23 पत्रावलियां स्वीकृति हेतु लंबित हैं, जिस कारण मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर योजना की प्रगति संतोषजनक न होने के फलस्वरूप जनपद की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग प्रभावित हो रही है। उन्होने अग्रणी जिला प्रबंधक को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी संबंधित बैंकर्स से तत्काल समन्वय स्थापित कर 02 दिवस के अंदर समस्त लंबित पत्रावलियों का निस्तारण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि एस.एल.बी.सी. के आदेशों के क्रम में बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृति में तत्परता दिखाई जाए अन्यथा इस स्थिति में संबंधित बैंक शाखा के विरुद्ध उच्चाधिकारियों को पत्र प्रेषित कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उपस्थित सोलर वेंडर्स की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने रेखा इंटरप्राइजेज, संदेश इलेक्ट्रिकल्स, श्रीजी सोलर, सुरेश सोलर, चंद्रप्रभात, प्रियम इलेक्ट्रिकल्स, युविका ट्रेडर्स, रेडिएंट इनर्जी, शिल्पी इंजीनियरिंग, सोलर वेव्स, जीनल एग्रो, शुभ सोलर, आशुतोष इलेक्ट्रिकल्स तथा मैनपुरी सोलर सहित सभी पंजीकृत वेंडर्स को निर्देश दिए कि वह प्रत्येक दशा में आगामी 30 नवंबर तक कम से कम 10-10 सोलर संयंत्रों की स्थापना पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान माह में जनपद को 217 सोलर संयंत्र स्थापना का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष अब तक 158 संयंत्र ही स्थापित हो सके हैं। उन्होने निर्देशित किया कि वेंडर्स को ऋण की धनराशि प्राप्त होने के 03 दिन के अंदर संयंत्र की स्थापना कर पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा यदि किसी वेंडर्स को बैंक स्तर से ऋण स्वीकृति में कोई समस्या आ रही हो तो वह तत्काल अवगत कराएं ताकि उसका त्वरित समाधान कराया जा सके। उन्होने विद्युत विभाग के अभियंताओं को निर्देशित करते कहा कि सोलर संयंत्र स्थापना के उपरांत नेट मीटर की उपलब्धता, स्मार्ट मीटर की स्थापना, कॉन्फ़िगरेशन का कार्य बिना किसी देरी के समयबद्ध ढंग से पूर्ण करायें इसके साथ ही उपभोक्ताओं के बिजली बिलों का समय से निर्गमन, आवश्यकतानुसार संशोधन भी प्राथमिकता पर किया जाए, जिससे लाभार्थियों को योजना का वास्तविक लाभ मिल सके।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, अग्रणी जिला प्रबन्धक रामचन्द्र शाहा के अलावा विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबन्धक, पंजीकृत वेंडर्स आदि उपस्थित रहे।



