मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट के पारिजात सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी विकास कार्यों की प्रदेश स्तर की रैंकिंग में जनपद को टॉप-05 में बनाए रखने के लिए सम्मिलित प्रयास करें। उन्होंने विभागवार इंडिकेटर्स की गहन समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति वाले विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी दिनों में युद्धस्तर पर कार्य कर प्रगति सुधारें, जिन विभागों की लापरवाही के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित होगी, उन संबंधित अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्थाएं पोर्टल पर अद्यतन वित्तीय व्यय की प्रविष्टि सुनिश्चित करें, जिन परियोजनाओं की समयसीमा समाप्त हो चुकी है, निर्माण कार्य में शिथिलता बरती जा रही है, उन संबंधित संस्थाओं व ठेकेदारों पर अर्थदंड लगाया जाये, निर्माणाधीन परियोजनाओं की थर्ड पार्टी ऑडिट रिपोर्ट समय से प्राप्त की जाये, यू.पी.पी.सी.एल., सी.एन.डी.एस., यू.पी.आर.एन.एस.एस. अन्य कार्यदायी संस्थाओं, सिंचाई एवं आवास विकास की परियोजनाओं में भौतिक व वित्तीय प्रगति के अंतर को समाप्त किया जाये। उन्होंने बैठक में बॉट-माप निरीक्षक, ड्रग इंस्पेक्टर के अनुपस्थित रहने, सांसद निधि के लंबित प्रोजेक्ट्स को पोर्टल पर अपडेट न करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों, पटल सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि समाज, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित पूर्वदशम, दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के अन्तर्गत शिक्षण संस्थानों के स्तर से डाटा समय पर अग्रसारित न किए जाने, निदेशालय स्तर से जनपद लॉगिन पर डाटा प्राप्त होने में विलंब के कारण रैंकिंग प्रभावित हो रही है, जिला विद्यालय निरीक्षक, सम्बन्धित अधिकारी विशेष अभियान चलाकर शिक्षण संस्थानों से लंबित डाटा तत्काल फॉरवर्ड कराएं, शासन व निदेशालय स्तर के उच्चाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर पेंडिंग डाटा को जनपद लॉगिन पर मंगवाकर शत-प्रतिशत निस्तारित किया जाए, ताकि पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत बड़े आयोजनों की प्रतीक्षा करने के बजाय विकास खंड स्तर पर छोटे-छोटे आयोजन कर निर्धारित लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उनहोंने मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने, तहसील स्तर पर लंबित डी.पी.आर., अन्य प्रकरणों को तत्काल निस्तारित कराने, पीएम स्वनिधि योजना के लंबित आवेदनों के निस्तारण हेतु बैंकर्स के साथ बैठक करने, धान खरीद में तेजी लाने, नगर निकायों में संपत्ति नामांतरण और अमृत योजना के कार्यों में सुधार लाने, फैमिली आईडी की प्रगति सुधार हेतु विशेष अभियान चलाये जाने के निर्देश दिये, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत जननी सुरक्षा योजना, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग तथा राज्य कर विभाग के बेहतर प्रदर्शन, प्रगति पर सराहना करते हुए इसे निरंतर बनाए रखने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. शोभनाथ चौरसिया, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरुण कुमार शुक्ला, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डा. श्वेता सैनी, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण, नहर, ग्रामीण अभियंत्रण, ऐ.के. अरुण, राजीव कुमार, नुज़हत परवीन सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता आदि उपस्थित रहे।



