मैनपुरी(सुवि)जनगणना-2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या की गणना के संबंध में आम जनमानस को जागरूक करने और इस राष्ट्रीय महाभियान में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट परिसर से जन जागरूकता एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि जनगणना देश, प्रदेश के समग्र विकास, नीति निर्धारण और जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की आधारशिला होती है, सही, सटीक आंकड़ों के संकलन के लिए आवश्यक है कि जनपद का प्रत्येक नागरिक जनगणना के महत्व को समझे और प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराए। उन्होंने बताया कि एलईडी वैन के माध्यम से ऑडियो-विजुअल संदेशों, लघु फिल्मों और प्रचार सामग्री के जरिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को जनगणना-2027 की प्रक्रिया और इसकी उपयोगिता के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी जाएगी।
श्री त्रिपाठी ने समस्त संबंधित उप जिलाधिकारियों, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय से कहा कि इस प्रचार-प्रसार अभियान को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें, अपने-अपने क्षेत्रों में एलईडी वैन के भ्रमण की स्वयं निगरानी करें और लक्षित क्षेत्रों में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित कराएं, साथ ही कार्यक्रम की फोटोग्राफ, वीडियो एवं प्रगति विवरण जिला जनगणना कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों, जन-प्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वह जनगणना-2027 के इस जागरूकता अभियान से जुड़ें और राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें। एलईडी वैन जनपद की समस्त तहसीलों, नगर निकायों के प्रमुख बाजारों, चौराहों, बस स्टैंडों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी। इस दौरान जिला इंचार्ज जनगणना शैलजा त्रिवेदी, नाजिर ओमकार शर्मा, जनगणना सहायक सुमित कुमार आदि उपस्थित रहे।



